PM Vishwakarma Yojana: पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और बाजार तक पहुंच बनाने के लिए बुधवार को हुसैनगंज प्रखंड में विपणन एवं ब्रांडिंग पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, मुजफ्फरपुर की ओर से किया गया. इसमें करीब 90 से 100 पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम का उद्घाटन हुसैनगंज के बीडीओ राहुल कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, प्रचार-प्रसार करने और बाजार का विस्तार करने में मदद मिलेगी. उन्होंने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की अपील की.
उद्यम पंजीकरण और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, मुजफ्फरपुर के सहायक निदेशक अतुल कुमार मिश्रा ने लाभार्थियों को उद्यम पंजीकरण, सरकारी ई-मार्केटप्लेस, जेड प्रमाणन, खरीद एवं विपणन सहायता, व्यापार मेले, बार कोड और सार्वजनिक खरीद नीति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी.
उन्होंने उत्पादों की पैकेजिंग, लेबलिंग, कीमत निर्धारित करने, ब्रांड तैयार करने, ई-कॉमर्स के माध्यम से बिक्री और ग्राहकों तक पहुंच बनाने के तरीकों के बारे में भी बताया.
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की भी दी जानकारी
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विवेक कुमार ने बिहार सरकार की औद्योगिक नीति और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने नये उद्यमियों और पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने की अपील की.
नाबार्ड, सीवान की डीडीएम शशांक शेखर ने उद्यम शुरू करने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता और नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया.
एआई और डिजिटल मार्केटिंग के बताए व्यावहारिक तरीके
राज्य स्तरीय परियोजना निगरानी इकाई, पटना के रविकांत भारती ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विपणन और ब्रांडिंग पर तकनीकी सत्र लिया. उन्होंने डिजिटल माध्यमों से उत्पादों का प्रचार करने, ग्राहकों तक पहुंच बनाने और बिक्री बढ़ाने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी. प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर अपने कारोबार को बाजार से जोड़ने के बारे में बताया गया.
लाभार्थियों के लिए मौके पर बनाया गया क्यूआर कोड
कार्यक्रम स्थल पर पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए क्यूआर कोड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी. इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से लाभार्थियों को डिजिटल भुगतान स्वीकार करने के लिए क्यूआर कोड बनाने में सहयोग किया गया.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
