राजा सिंह कॉलेज में हो रही परीक्षा का फोटो वायरल

जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के तत्वावधान में हो रही सीबीसीएस स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्रों का अफरातफरी के बीच परीक्षा देते व नकल करते एक फोटो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल फोटो विश्वविद्यालय के उस दावे को सिरे से खारिज करता प्रतीत हो रहा है, जहां कदाचारमुक्त परीक्षा का दावा किया जा रहा है. वायरल तस्वीर परीक्षा केंद्र राजा सिंह कॉलेज सीवान की बतायी जा रही है.

प्रतिनिधि, सीवान. जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के तत्वावधान में हो रही सीबीसीएस स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्रों का अफरातफरी के बीच परीक्षा देते व नकल करते एक फोटो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल फोटो विश्वविद्यालय के उस दावे को सिरे से खारिज करता प्रतीत हो रहा है, जहां कदाचारमुक्त परीक्षा का दावा किया जा रहा है. वायरल तस्वीर परीक्षा केंद्र राजा सिंह कॉलेज सीवान की बतायी जा रही है. वहीं विश्वविद्यालय का परीक्षा संभाग ने इस स्थिति के पीछे सीवान जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है. सीबीसीएस स्नातक द्वितीय सेमेस्टर सत्र 2024-28 की परीक्षा 17 से 22 नवंबर तक आयोजित हो रही है. इस परीक्षा के लिए सीवान जिला में डीएवी पीजी कॉलेज सीवान सहित विद्या भवन महिला विद्यालय सीवान व जेडए इस्लामियां पीजी कॉलेज को केंद्र बनाया गया है. परंतु विधानसभा चुनाव के दौरान जिला प्रशासन द्वारा डीएवी पीजी कॉलेज को खाली नहीं करने की स्थिति में अंतिम क्षण में राजा सिंह कॉलेज सीवान में विश्वविद्यालय के परीक्षा संभाग द्वारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इधर सोशल मीडिया पर वायरल फोटो 20 नवंबर की बतायी जाती है. वायरल फोटो में देखा सकता है कि एक बेंच पर कई परीक्षार्थी बैठे हैं. वहीं एक अन्य फोटो में एक टेबल पर तकरीबन 11 परीक्षार्थी बैठकर परीक्षा दे रहे हैं और एक दूसरे की कॉपी से आसानी से नकल करते प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि इसकी पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. वहीं सेंटर सुपरिटेंडेंट प्रो रामानंद राम ने दावा किया कि इस परिस्थिति के बाद भी कदाचारमुक्त परीक्षा हुई है और कदाचारमुक्त परीक्षा जारी है. साथ ही सेंटर सुपरिटेंडेंट ने इस परिस्थिति के लिए जिला प्रशासन के सिर ठीकरा फोड़ते हुए जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना था कि जिला प्रशासन द्वारा समय से डीएवी पीजी कॉलेज सीवान को खाली कर दिया गया रहता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती. कारण कि राजा सिंह कॉलेज सीवान में 14 सौ परीक्षार्थियों को बैठने की उचित व्यवस्था कम पड़ रही है. 15 को ही खाली कर दिया गया था डीएवी कॉलेज- इधर इस स्थिति के बारे जब जिला पदाधिकारी डॉ आदित्य प्रकाश से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच सदर अनुमंडल पदाधिकारी से करायी जा रही है. वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि 15 नवंबर को ही डीएवी पीजी कॉलेज सीवान को खाली करा दिया गया था. मामले की जांच की जा रही है. सेंटर सुपरिटेंडेंट से शोकॉज- इधर परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के बेतरतीब बैठने संबंधित वायरल तस्वीर के मामले में परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने सेंटर सुपरिटेंडेंट प्रो रामानंद राम से शोक कॉज पूछा है. उन्होंने दो दिनों के भीतर परीक्षा नियंत्रण विभाग को अपना पक्ष रखने का समय दिया है. साथ ही उन्होंने बताया कि परीक्षा निरस्त नहीं की जायेगी. नहीं हुई नकल- सेंटर सुपरिटेंडेंट प्रो रामानंद राम ने दावा किया कि परीक्षार्थियों के बैठने की कठिनाई के बाद भी परीक्षा में नकल नहीं हुई है. आगे भी परीक्षा कदाचार रहित जारी है. जिला प्रशासन के असहयोगात्मक रवैया से यह स्थिति उत्पन्न हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >