Siwan News : बिहार बंद के दौरान शनिवार को सीवान में स्थिति अचानक हिंसक हो गई. सुबह तक शांतिपूर्ण चल रहा छात्र धरना दोपहर होते-होते उग्र रूप ले लिया. गांधी मैदान और जेपी चौक घंटों तक तनाव के केंद्र बने रहे. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर पथराव, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े जाने और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं. घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया.
गांधी मैदान में प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, गांधी मैदान में हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे थे. दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शनकारियों का एक उग्र समूह वहां पहुंचा और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई. आरोप है कि उग्र भीड़ की ओर से पहले पुलिस पर पानी की बोतलें फेंकी गईं. इसके बाद पिट्ठू बैग से पत्थर निकालकर पुलिस पर हमला शुरू कर दिया गया. कुछ ही देर में चारों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे. स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया. इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गए.
फायरिंग में तीन लोग घायल, कई पुलिसकर्मी भी चोटिल
हिंसा के दौरान गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए. घायलों में शेख मोहल्ला निवासी मो. आरिफ, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी आकाश कुमार और बुलेट कुमार गोंड शामिल हैं. वहीं, पथराव में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना के एक पुलिस पदाधिकारी, करीब आधा दर्जन जवान तथा लगभग एक दर्जन प्रदर्शनकारी और राहगीर घायल हुए हैं.
डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा, भीड़ ने किया पथराव
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इस दौरान उग्र भीड़ की ओर से पथराव किया गया, जिसमें एसपी भी चोटिल हो गए. इसके बाद भीड़ गांधी मैदान से निकलकर जेपी चौक पहुंच गई, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच दोबारा हिंसक झड़प हुई.
शहर में मची अफरातफरी, दुकानें बंद और सड़कें हुईं खाली
दोपहर करीब ढाई बजे तक शांति बटवृक्ष और जेपी मोड़ के आसपास लगातार पथराव की स्थिति बनी रही. घटना के बाद बाजारों में दुकानों के शटर गिर गए और सड़कें खाली हो गईं. लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने करीब दो घंटे तक शहर की बिजली आपूर्ति भी बंद रखी.
पुलिस ने 100 उपद्रवियों को लिया हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है. पूरे शहर में भारी संख्या में पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. घटना के बाद सीवान में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. पुलिस हिंसा, पथराव और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर
