Jawahar Navodaya Vidyalaya: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में प्राचार्य डी. एन. तिवारी की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी (पीटीएम) का गठन किया गया. इसका उद्देश्य विद्यालय के विकास और बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों और शिक्षकों की भागीदारी बढ़ाना है.
प्रत्येक कक्षा से दो अभिभावक बनाए गए सदस्य
गोष्ठी में प्रत्येक कक्षा से दो-दो अभिभावकों को सदस्य बनाया गया. वहीं शिक्षक सदस्यों में विजय कुमार, सुभाष भक्ता, रमाशंकर गुप्ता, सुमन केशरी, नेहा ध्यानी और मो. रहमान को शामिल किया गया. बैठक में सभी अभिभावकों ने अपना परिचय दिया और विद्यालय से जुड़ी अपनी राय एवं सुझाव रखे.
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने पर जोर
पीजीटी हिंदी रमाशंकर गुप्ता ने कहा कि बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए अभिभावकों और शिक्षकों का साथ मिलकर काम करना बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर समन्वय से बच्चों की पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास को और बेहतर बनाया जा सकता है.
प्राचार्य ने विकास कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों की दी जानकारी
प्राचार्य डी. एन. तिवारी ने विद्यालय में चल रहे विकास कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में भी अभिभावकों और शिक्षकों की बराबर की जिम्मेदारी है.
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर नियमित ध्यान देने और विद्यालय से जुड़े रहने की अपील की.
अभिभावकों ने उठाई बिजली की समस्या
बैठक के दौरान कई अभिभावकों ने विद्यालय में बिजली की समस्या की शिकायत की. इस पर प्राचार्य ने भरोसा दिलाया कि बिजली की समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा, ताकि पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ समापन
कार्यक्रम का संचालन सुमन केशरी और मो. रहमान ने किया. अंत में वरिष्ठ शिक्षक विजय कुमार ने सभी अभिभावकों और शिक्षकों का धन्यवाद दिया. राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
