Siwan News: सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड के पहाड़पुर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर में आयोजित अखंड अष्टयाम का समापन गुरुवार की देर शाम विधिवत हवन-पूजन, भव्य आरती, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया. पूर्णाहुति के पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में उमड़ पड़े, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ सामूहिक हवन
अनुष्ठान के अंतिम दिन आचार्य पं. रवींद्र पांडेय, पं. रत्नेश पांडेय, पं. उमेश पांडेय और पं. अशोक मिश्र ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक हवन-पूजन संपन्न कराया. मुख्य यजमान के रूप में मुक्तिनाथ गोस्वामी और उनकी धर्मपत्नी ने सपत्नीक पूजा-अर्चना में भाग लिया. हवन-पूजन की समाप्ति के उपरांत भगवान शिव की भव्य महाआरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने शामिल होकर सुख-समृद्धि की कामना की.
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
आरती के बाद उपस्थित सभी भक्तों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. इसके पश्चात देर शाम मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों लोगों ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया.
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस भव्य अखंड अष्टयाम के सफल आयोजन में मठाधीश दूधनाथ जी महाराज, आदर्श पांडेय, सुरेश कुमार, विशाल कुमार, विशू कुमार, रंजीत कुमार, मुन्ना मिश्र समेत नवयुवक मंडली के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. पूरे धार्मिक अनुष्ठान के दौरान गांव के हर वर्ग का सकारात्मक सहयोग देखने को मिला. इस मौके पर मुख्य रूप से ओमप्रकाश पांडेय, उपेंद्र गुप्ता, अवधेश पटेल सहित भारी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे.
Also Read: सीवान में रेलकर्मी को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत; शव सड़क पर रख दो घंटे तक हंगामा
