विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
सीवान: जिले में पैक्स गोदाम निर्माण की धीमी रफ्तार एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. शुक्रवार को सारण प्रमंडल के संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने लकड़ी नवीगंज और बसंतपुर प्रखंड के तीन पैक्स में निर्माणाधीन गोदामों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्माण कार्य अपेक्षित गति से काफी पीछे मिला.
सूचना के बावजूद नहीं पहुंचे पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी बात यह रही कि पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद अधिकांश पैक्स के अध्यक्ष और प्रबंधक मौके पर मौजूद नहीं मिले. वहीं कई गोदामों में किस्त की राशि निकासी के बावजूद निर्माण कार्य तय स्तर तक नहीं पहुंचा था.
डुमरा पैक्स में दो किस्त के बाद भी प्लिंथ से आगे नहीं बढ़ा काम
संयुक्त निबंधक ने सबसे पहले लकड़ी नवीगंज प्रखंड के डुमरा पैक्स में एक हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले निर्माणाधीन गोदाम का निरीक्षण किया. यहां दो किस्त की राशि जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य केवल प्लिंथ से थोड़ा ही आगे बढ़ा मिला. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों से काम बंद था और शुक्रवार से दोबारा शुरू किया गया. निरीक्षण के समय न पैक्स अध्यक्ष मौजूद थे और न ही प्रबंधक.
लखनौरा पैक्स में छत तक पहुंचा निर्माण
इसके बाद उन्होंने लखनौरा पैक्स का निरीक्षण किया. यहां भी एक हजार मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम बन रहा है. निर्माण के लिए तीन किस्त की राशि जारी की जा चुकी है और कार्य छत तक पहुंच चुका है. हालांकि यहां भी पैक्स अध्यक्ष अनुपस्थित मिले, जबकि प्रबंधक मौजूद थे और उन्होंने निर्माण कार्य की जानकारी दी.
सूर्यपुरा पैक्स में सिर्फ नींव तक सीमित मिला निर्माण
बसंतपुर प्रखंड के सूर्यपुरा पैक्स में भी स्थिति संतोषजनक नहीं मिली. यहां तीन किस्त की राशि जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य केवल नींव तक ही सीमित पाया गया. सूचना देने के बावजूद यहां भी पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक दोनों अनुपस्थित रहे. निर्माण की धीमी गति पर संयुक्त निबंधक ने नाराजगी जताई.
अधिकारियों की भूमिका पर भी उठाए सवाल
निरीक्षण के बाद संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने कहा कि पिछले महीने हुई समीक्षा बैठक में संबंधित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों, पैक्स अध्यक्षों और प्रबंधकों ने जुलाई के भीतर सभी गोदामों का निर्माण पूरा करने का आश्वासन दिया था. इसके बावजूद कई स्थानों पर कार्य निर्धारित समय के अनुरूप आगे नहीं बढ़ा.
उन्होंने कहा कि राशि की निकासी के बाद भी निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होना गंभीर मामला है. साथ ही निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे अभियंताओं और प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए.
नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश
संयुक्त निबंधक ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी बढ़ाने, निर्माण कार्य में तेजी लाने और समय पर गोदामों का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को शीघ्र भंडारण की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा
