siwan news. 29 बड़े बकायादारों को 10 फरवरी तक कोर्ट में हाजिर कराने का आदेश

नीलाम पत्रवाद की सुनवाई में लगातार गैरहाजिर रहने और पहले से जारी कुर्की–जब्ती व गिरफ्तारी वारंट को नजरअंदाज करने पर जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सह नीलाम पत्रवाद पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है

सीवान. सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक से कर्ज लेने के बाद सालों से पैसा नहीं लौटाने वाले 29 बड़े बकायादारों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. नीलाम पत्रवाद की सुनवाई में लगातार गैरहाजिर रहने और पहले से जारी कुर्की–जब्ती व गिरफ्तारी वारंट को नजरअंदाज करने पर जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सह नीलाम पत्रवाद पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने जिले के सभी संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि 10 फरवरी तक सभी बड़े बकायादारों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया जाये. एक बार फिर नीलाम पत्रवाद की सुनवाई हुई, लेकिन पहले से सूचना दिये जाने के बावजूद कोई भी बड़ा बकायादार कोर्ट में नहीं पहुंचा.

इस पर न्यायालय ने साफ कहा कि बार-बार बुलाने के बाद भी हाजिर नहीं होना कानून की खुली अवहेलना है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सुनवाई के दौरान को-ऑपरेटिव बैंक के शाखा प्रबंधक ने बताया कि अब तक अलग-अलग बकायादारों से राशि की वसूली हो चुकी है.इसके बाद भी कई बड़े बकायादार ऐसे हैं, जो न तो पैसा जमा कर रहे हैं और न ही कोर्ट के सामने पेश हो रहे हैं.

ये हैं बड़े बकायेदार

बकायादारों में बेवी देवी पर एक करोड़ 43 लाख, कृष्णा कंस्ट्रक्शन के कृष्णा राज पर तीन करोड़ 38 लाख, पूनम देवी पर 36 लाख, ज्योति एग लेयर के अजय कुमार पर 60 लाख, भिखारी ट्रेडर्स के हिरालाल यादव पर एक करोड़ 19 लाख, व्यास यादव पर 26 लाख, धर्मेंद्र यादव पर 21 लाख, मासूम अली पर 15 लाख, रितेश फर्नीचर के तारकेश्वर सिंह पर 61 लाख 58 हजार, मनीष द्विवेदी पर 76 लाख 29 हजार, उपेंद्र सिंह पर 14 लाख 96 हजार और आर्यन एग लेयर पर 32 लाख 85 हजार रुपये बकाया हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi Kant Kumar

Shashi Kant Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >