बैंक में खुलवाया खाता और कर ली ठगी

केनरा बैंक की शाखा में सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर दर्जनों ग्रामीणों से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ितों ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने जान-पहचान का फायदा उठाकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए, पासबुक अपने पास रख ली और बाद में उनसे संपर्क तोड़ लिया.

गुठनी. केनरा बैंक की शाखा में सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर दर्जनों ग्रामीणों से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ितों ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने जान-पहचान का फायदा उठाकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए, पासबुक अपने पास रख ली और बाद में उनसे संपर्क तोड़ लिया. पीड़ित महिलाओं व पुरुषों का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व नौतन थाना क्षेत्र के गंधरपा गांव निवासी अशोक राम और बेबी देवी ने यह कहकर संपर्क किया कि सरकार द्वारा गरीबों के लिए प्रति माह तीन हजार रुपये की सहायता योजना चलाई जा रही है. इसी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर केनरा बैंक शाखा में खाता खुलवाया गया. इसके साथ ही सिम कार्ड भी निर्गत कराया गया. आरोप है कि विश्वास में लेकर उनसे आधार कार्ड, सिम कार्ड अन्य आवश्यक दस्तावेज तथा पासबुक ले ली गई, लेकिन बाद में पासबुक, आधार कार्ड व सिम कार्ड वापस नहीं किया गया. . पीड़ितों को इस पूरे मामले की जानकारी तब हुई, जब कर्नाटक पुलिस की आइटी अधिनियम अंतर्गत केंद्रीय डिविजन द्वारा खाते में लाखों रुपए की लेनदेन मामले में एक पीड़िता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर नोटिस भेजा गया. पीड़ितों द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनके नाम पर बैंक खाते से कई बार ऑनलाइन लेनदेन किया गया. जब उन्होंने इस संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की तो संबंधित लोगों द्वारा फोन पर धमकी दी जाने लगी. आरोप है कि अशोक राम लगातार फोन कर फंसाने और जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे सभी पीड़ित भयभीत हैं. पीड़ितों में गोहरुआ गांव निवासी सिंधु देवी, धर्मावती देवी, रिंकू देवी, सुशीला देवी, रामावती देवी, गायत्री देवी, मनका देवी, चिंता देवी, विमला देवी, शैलेंद्र राम, फूलमती देवी, निर्मला देवी, हरिहर राम, रिंकी देवी, सुनीता देवी तथा नौतन थाना क्षेत्र के बलवां गांव निवासी राधेश्याम राम और पूनम देवी शामिल हैं. सभी पीड़ितों ने केनरा बैंक में खाते होने की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में उन्होंने बताया कि वे गरीब और अशिक्षित हैं, जिस कारण ठगी का शिकार हो गए. पीड़ितों ने प्रशासन से दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने और उनकी जमा राशि सुरक्षित कराने की गुहार लगाई है. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPAK MISHRA

DEEPAK MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >