प्रतिनिधि,सीवान.जिले के सात प्रखंडों के 10 पैक्स, दो प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड और एक व्यापार मंडल में अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी. आरओ सह बीडीओ के कार्यालय कक्ष में नामांकन दाखिल किए जाएंगे.जिला प्रशासन द्वारा चुनाव व नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है.संबंधित प्रखंड कार्यालय में नामांकन के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा. सभी पैक्स के चुनाव के लिए आठ और नौ अप्रैल को नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे. सुबह के 11 बजे से लेकर अपराह्न के तीन बजे तक नामांकन दाखिल होंगे. वहीं, 10 और 11 अप्रैल को सुबह के 11 बजे से लेकर अपराह्न के तीन बजे तक दाखिल सभी नामांकन पत्रों की जांच होगी.13 अप्रैल को नाम वापसी और उम्मीदवारों को प्रतीक आवंटन की तिथि निर्धारित है. 20 अप्रैल को मतदान होगा और उसकी समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी.पैक्स चुनाव में अध्यक्ष का पद एकल होने के कारण कोई आरक्षण नहीं होता है.यह पद अनारक्षित सामान्य की श्रेणी में आता है. जबकि, कार्यकारिणी सदस्य के लिए आरक्षण लागू रहता है.पैक्स चुनाव गुठनी प्रखंड के विस्वार, दरौली प्रखंड के चकरी,दरौंदा प्रखंड के रामगढा, बसंतपुर प्रखंड के राजापुर, लकडीनवीगंज प्रखंड के लकडी,हुसैनगंज प्रखंड के चांप,पश्चिम हरिहास, हसनपुरा प्रखंड के पकड़ी, शेखपुरा, रजनपुरा और दरौंदा व्यापार मंडल में होना तय है. इसके अलावा हसनपुरा और महाराजगंज प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड का भी चुनाव होगा. जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि प्रशासनिक स्तर से तैयारी पूरी कर ली गयी है.
जिले के 10 पैक्स में चुनाव के लिए आज से नामांकन
जिले के सात प्रखंडों के 10 पैक्स, दो प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड और एक व्यापार मंडल में अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी.
