सीवान: बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) के आह्वान पर नगर परिषद सीवान के कर्मचारी 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे. हड़ताल को लेकर महासंघ के राज्य सचिव अमित कुमार ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को इसकी सूचना दे दी है.
हड़ताल से पहले 29 जुलाई की शाम छह बजे शहर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा. महासंघ के अनुसार, राज्यभर के नगर निकाय कर्मचारी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं. इसी क्रम में नगर परिषद सीवान के कर्मचारी भी 30 जुलाई से कामकाज पूरी तरह ठप करने का निर्णय लिया है.
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
नगर परिषद कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर परिषद की कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.
सफाई व्यवस्था समेत कई सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
हड़ताल का सबसे अधिक असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है. कूड़ा उठाव और साफ-सफाई का काम बाधित होने की संभावना है. इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने, भवन नक्शा स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्य, होल्डिंग टैक्स जमा करने, कार्यालय से संबंधित विभिन्न कार्यों और आम नागरिकों से जुड़ी अन्य सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है.
नगर परिषद कार्यालय में काम कराने आने वाले आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
महासंघ ने कहा है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. राज्य सचिव अमित कुमार ने सभी नगर निकाय कर्मचारियों से हड़ताल में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है.
Also Read: बिहार में NEET प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज FIR रद्द, पुलिस वेरिफिकेशन की टेंशन खत्म
