सीवान : हड़ताल के बीच चेहल्लुम पर्व पर प्रमुख कचरा प्वाइंटों की हुई सफाई, अधिकांश इलाकों में अब भी कचरे का अंबार

Siwan Sanitation Workers Strike : सीवान नगर परिषद ने चेहल्लुम पर्व पर सीमित कचरा उठाव कराया, लेकिन सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण शहर के अधिकांश इलाकों में अभी भी कूड़े का ढेर लगा हुआ है।

Siwan Sanitation Workers Strike : सीवान नगर परिषद के सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर गली-मोहल्लों तक नियमित कचरा उठाव पूरी तरह प्रभावित है. कई स्थानों पर कचरे के ढेर लग गए हैं और लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

चेहल्लुम को लेकर प्रमुख स्थानों पर कराई गई सफाई

चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर नगर परिषद ने जनहित और मानवता के आधार पर सीमित स्तर पर कचरा उठाव कराया. शांति बट वृक्ष, कसेरा टोली, थाना रोड तथा अन्य प्रमुख कचरा प्वाइंटों से कचरा हटाया गया, ताकि पर्व के दौरान लोगों को न्यूनतम असुविधा हो और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनी रहे.

अधिकांश मोहल्लों में अब भी कूड़े का अंबार

नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि सफाई का यह कार्य केवल पर्व को देखते हुए सीमित स्तर पर किया गया है. सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी रहने के कारण अस्पताल रोड, नया बाजार, गौशाला रोड, मौलेश्वरी चौक, जेपी चौक, कचहरी रोड, महादेवा रोड, श्रीनगर, अयोध्यापुरी और नवलपुर समेत कई इलाकों में अब भी नियमित कचरा उठाव नहीं हो सका है.

700 टन से अधिक कचरा जमा होने का अनुमान

नगर परिषद के अनुसार शहर से प्रतिदिन करीब 130 टन कचरा निकलता है. लगातार छह दिनों तक नियमित उठाव बाधित रहने से शहर में 700 टन से अधिक कचरा जमा होने का अनुमान है. हल्की बारिश के बाद कई स्थानों पर कचरा सड़ने लगा है, जिससे दुर्गंध फैलने और स्वच्छता संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका है.

नगर परिषद ने नागरिकों से मांगा सहयोग

नगर परिषद ने आम नागरिकों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है. साथ ही उम्मीद जताई है कि हड़ताल समाप्त होने के बाद विशेष अभियान चलाकर पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जाएगा.

Also Read : बाबा हंसनाथ धाम में सावन की पहली सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >