सीवान में गोलीबारी के घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

सीवान के खेड़ाय गांव में गुरुवार रात एक दुखद घटना हुई, जहां लोगों को समझा रहे मुकेश कुमार श्रीवास्तव को गोली लग गई. पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Siwan Crime News : सीवान आंदर थाना क्षेत्र के खेड़ाय गांव में गुरुवार रात हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार श्रीवास्तव की रविवार को पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

लोगों को समझाने निकले थे, गोली लगने से हुए थे घायल

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात खेड़ाय गांव में कुछ लोग आपस में झगड़ा और हंगामा कर रहे थे. शोर सुनकर मुकेश कुमार श्रीवास्तव घर से बाहर निकले और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान एक गोली मुकेश के पेट में लग गई. परिजन उन्हें पहले आंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर सदर अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में पटना पीएमसीएच ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जाता है कि मुकेश कुमार श्रीवास्तव परिवार के इकलौते सहारा थे. उनकी पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व बीमारी के कारण निधन हो चुका था, जबकि उनके पिता का भी चार वर्ष पहले देहांत हो गया था. परिवार में अब उनकी वृद्ध मां और एक छोटा बेटा तथा एक छोटी बेटी ही बचे हैं. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पांच दिन बाद भी आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर

घटना के बाद से आंदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं. हालांकि घटना के पांच दिन बाद भी मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है.

शराब तस्करों की भूमिका की भी जांच

ग्रामीणों का आरोप है कि खेड़ाय गांव और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से शराब तस्करों की गतिविधियां संचालित हो रही हैं. उनका कहना है कि गोलीबारी की इस घटना में भी शराब तस्करों की भूमिका हो सकती है. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

जांच के दौरान गांजा, नकदी और मशीनें बरामद

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने गांव में छापेमारी कर एक घर से 1.4 किलोग्राम गांजा, 1 लाख 92 हजार 910 रुपये नकद, पैसा गिनने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन तथा गांजा तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की थी. इस मामले में गांव निवासी कन्हैया साह को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस बरामद सामान और गोलीबारी की घटना के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: सीवान में सरयू नदी में स्नान करने गए व्यक्ति का नहीं मिला सुराग, एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >