इंटरमीडिएट की परीक्षा में 2500 से अधिक वीक्षक

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त माहाैल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व जिला शिक्षा विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है. सोमवार से शुरू हो रहे इंटरमीडिएट की वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को 30 मिनट पहले तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा.

प्रतिनिधि, सीवान. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त माहाैल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व जिला शिक्षा विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है. सोमवार से शुरू हो रहे इंटरमीडिएट की वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को 30 मिनट पहले तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. परीक्षा में किसी भी प्रकार की कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण के साथ प्रवेश पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा. बिहार बोर्ड के निर्देशानुसार दो फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा में परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति प्रदान नहीं की गई है. परीक्षा दो पालियों में संचालित होगी. इसमें पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 05.15 बजे तक आयोजित होगी. जिले के 53 केंद्राें पर 52952 परीक्षार्थी होंगे शामिल : इंटर परीक्षा जिले के 53 केंद्राें पर आयोजित होगी. इसमें सदर अनुमंडल क्षेत्र में 43 व महाराजगंज अनुमंडल क्षेत्र में 10 परीक्षा केंद्र शामिल हैं. वार्षिक परीक्षा में कुल 52 हजार 952 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इसमें सदर अनुमंडल में 43 हजार 457 तथा महाराजगंज अनुमंडल में नौ हजार 495 परीक्षार्थी शामिल हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा में कुल 25 हजार 208 छात्र, 27 हजार 742 छात्राएं व दो मंगलामुखी परीक्षार्थी शामिल होंगे. बनाए गए हैं चार आदर्श परीक्षा केंद्र : जानकारी के अनुसार इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सदर अनुमंडल अंतर्गत तीन व महाराजगंज अनुमंडल में एक आदर्श परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इसमें शहर के डीएवी मध्य विद्यालय, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर माधव नगर, आदर्श राजकीय वीएम मध्य विद्यालय तथा महाराजगंज अनुमंडल अंतर्गत एएनयूएस महिला कालेज को आदर्श परीक्षा केंद्र बनाया गया है. सात जोनल व चार सुपर जोनल दंडाधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारियों की हुई है प्रतिनियुक्ति: परीक्षा स्वच्छ वातावरण में कदाचारमुक्त संपन्न हो, इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा को लेकर 106 वरीय स्टैटिक दंडाधिकारी, 19 गश्ती दल दंडाधिकारी, सात जोनल दंडाधिकारी व चार सुपर जोनल दंडाधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही छह सुरक्षित दंडाधिकारी व सात सुरक्षित पुलिस पदाधिकारी भी आवश्यकता के अनुसार मौजूद रहेंगे. प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक के अनुपात में की गई है प्रतिनियुक्ति: कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक के अनुपात में 25 सौ से अधिक वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी वीक्षकों को प्रत्येक दिन, प्रत्येक पाली की परीक्षा शुरू हाेने के पूर्व विहित घोषणा पत्र में यह अंकित करना होगा कि उनके प्रभार के अंतर्गत परीक्षार्थियों की जांच उनके द्वारा कर ली गई है तथा उनके पास कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >