Siwan News : महाराजगंज प्रखंड के रतनपुरा स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शनिवार को प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. विज्ञान, कंप्यूटर, कला और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के माध्यम से बच्चों की ज्ञान क्षमता और प्रतिभा को परखा गया.
विधायक समेत जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक हेम नारायण साह, मुखिया रतनेश्वर यादव और पूर्व मुखिया रमेश यादव ने संयुक्त रूप से किया. अतिथियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया. आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
पांच राउंड में हुई प्रतिभा की परीक्षा
प्रतियोगिता का आयोजन कुल पांच राउंड में किया गया. अलग-अलग राउंड में विज्ञान, कंप्यूटर, कला और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए. प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए. प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के सामान्य ज्ञान के साथ-साथ विषयों की समझ और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को भी परखा गया.
कक्षा 7 से 8 वर्ग में अभिषेक रहे अव्वल
कक्षा सात से आठ वर्ग में राजकीय मध्य विद्यालय गौर के छात्र अभिषेक कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया. राजकीय मध्य विद्यालय रतनपुरा की छात्रा अऋषि कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय मध्य विद्यालय पोखरा की छात्रा प्रिया रानी तृतीय स्थान पर रहीं.
कक्षा 9 से 10 वर्ग में प्रियांशु ने हासिल किया पहला स्थान
वहीं, कक्षा नौ से 10 वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेवथा की छात्रा प्रियांशु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय करणपुरा की खुशी कुमारी ने द्वितीय और इसी विद्यालय की स्वीटी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया.
सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो से किया सम्मानित
प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को विधायक हेम नारायण साह ने प्रमाण पत्र, मोमेंटो और अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया. उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. प्रतियोगिता के आयोजन से छात्रों में पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान और अन्य विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने का भी अवसर मिला.
