Siwan News: भीषण गर्मी के बीच मैरवा रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और पेयजल संकट को लेकर प्रकाशित खबर का त्वरित असर देखने को मिला. खबर प्रकाशित होने के महज 24 घंटे के भीतर अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मरीजों की सुविधा के लिए बंद पड़ी पेयजल व्यवस्थाओं को सुचारु कर दिया.
खबर के बाद सक्रिय हुआ अस्पताल प्रशासन
अस्पताल में पेयजल संकट से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रकाश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
चापाकल और आरओ मशीन हुई चालू
प्रशासन की पहल पर अस्पताल परिसर में खराब पड़े चापाकल की मरम्मत कर उसे चालू कर दिया गया. साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी आरओ मशीन को भी दुरुस्त कर दिया गया, जिससे अब मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने लगा है.
इसके अलावा सांसद मद से स्थापित लंबे समय से खराब पड़े आरओ प्लांट को पूरी तरह चालू करने के लिए तकनीकी टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
'मरीजों को बुनियादी सुविधाएं देना हमारी जिम्मेदारी'
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रकाश कुमार ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि समाचार के माध्यम से जो समस्या सामने आई थी, उसका समाधान कर दिया गया है. आगे भी अस्पताल में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा.
मरीजों और परिजनों ने जताई राहत
पेयजल व्यवस्था बहाल होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली. बाहर से पानी खरीदने की मजबूरी खत्म होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई. उनका कहना है कि समय पर समस्याओं को उजागर किए जाने से व्यवस्था में सुधार संभव हो पाता है और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलता है.
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की उम्मीद
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि अस्पताल प्रशासन भविष्य में भी इसी तरह अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधार करेगा, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
