Marwa Police Action: शराब तस्करी के खिलाफ मैरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धरनी छापर चेकपोस्ट से एक लग्जरी कार में छिपाकर ले जायी जा रही करीब 82 लीटर यूपी निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान सीट के अंदर छिपाकर रखी शराब की खेप बरामद करने के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया.
कार्रवाई मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की. पुलिस को शराब की खेप ले जाये जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर धरनी छापर चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच तेज कर दी गयी. इसी दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार को रोककर उसकी तलाशी ली.
सीट के अंदर छिपाकर रखी थी शराब
सामान्य तलाशी के दौरान कार में शराब दिखाई नहीं दी. इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर कार की सीट और अंदरूनी हिस्सों की गहन जांच की. जांच के दौरान सीट के अंदर छिपाकर रखी गयी शराब की खेप बरामद हुई.
पुलिस ने शराब के साथ कार को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान सारण जिले के डोरीगंज निवासी अनिल राय के पुत्र राकेश कुमार राय के रूप में हुई है.
देवरिया से डोरीगंज ले जायी जा रही थी खेप
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश के देवरिया से सारण जिले के डोरीगंज ले जायी जा रही थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके कहने पर लाई जा रही थी और इसे डोरीगंज में किसे पहुंचाया जाना था.
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है.
प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू
पुलिस ने बरामद शराब और जब्त वाहन को कब्जे में ले लिया है. गिरफ्तार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
