सीवान: महावीरी झंडा मेला में पूरी रात गूंजते रहे ढोल-नगाड़े, सड़कों पर उमड़ी भीड़; पुलिस ने संभाली कमान

सीवान में महावीरी जुलूस का भव्य आयोजन, ढोल-नगाड़ों और शौर्य प्रदर्शन के साथ निकली झांकियां। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच रात भर चलता रहा उत्सव।

Siwan News : महावीरी झंडा मेला को लेकर शुक्रवार की रात सीवान शहर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा. ढोल-नगाड़ों की धुन, महावीर जी की प्रतिमाओं के साथ निकले अखाड़े, आकर्षक झांकियां और युवाओं के पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन को देखने के लिए देर रात तक सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ती रही. शुक्रवार रात शुरू हुआ अखाड़ों का सिलसिला शनिवार की अहले सुबह तक जारी रहा.

हाथी-घोड़े और झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

शहर के विभिन्न इलाकों से आधा दर्जन से अधिक महावीरी अखाड़े निकले. अखाड़ों में महावीर जी की प्रतिमा के साथ हाथी-घोड़े और आकर्षक झांकियां शामिल रहीं. लाठी-डंडों के साथ युवाओं के युद्धकला प्रदर्शन ने लोगों में जोश भर दिया. ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चे, युवा और दर्शक भी उत्साह में झूमते नजर आए.

बड़ी मस्जिद के पास अखाड़ा नंबर एक में हुई लाठीबाजी

महावीरी झंडा जुलूस के दौरान शुक्रवार की रात बड़ी मस्जिद के समीप अखाड़ा नंबर एक के सदस्यों के बीच लाठी प्रदर्शन के दौरान स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई. लाठी भांजने के दौरान कई लोग चोटिल हो गए. स्थिति को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों ने तत्काल मोर्चा संभाला और सदस्यों को समझा-बुझाकर आगे बढ़ाया. काफी मशक्कत के बाद अखाड़ा वहां से आगे निकला. इसके बाद प्रशासन ने अगले अखाड़ों के गुजरने के दौरान विशेष सतर्कता बरती.

रातभर शहर में गश्त करती रही पुलिस

महावीरी मेला को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी रात शहर में सक्रिय रहा. बड़ी मस्जिद के समीप लक्ष्मण रेखा के पास नियंत्रण कक्ष बनाया गया था, जहां सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता और सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहे. इसके अलावा पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती रहीं.

53 दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की तैनाती

मेला को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 53 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी. उनके साथ पुलिस बल भी तैनात रहा. जुलूस के मार्ग पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए. शराब पर पूर्ण प्रतिबंध के कारण अखाड़ों के दौरान शराब के नशे में हुड़दंग करते लोग नजर नहीं आए.

ड्रोन और सीसीटीवी से रखी गई नजर

मेला और अखाड़ों की हर गतिविधि पर ड्रोन कैमरे और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी गई. प्रशासन की ओर से बड़े ड्रोन कैमरे के जरिए करीब पांच किलोमीटर के दायरे में निगरानी की व्यवस्था की गई थी. जुलूस के दौरान आर्केस्ट्रा, अश्लील नृत्य और अश्लील गीतों के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया गया था.

नमाज के समय अखाड़ों को करना पड़ा इंतजार

प्रशासन की ओर से जुलूस के समय का भी निर्धारण किया गया था. यदि कोई अखाड़ा निर्धारित समय पर लक्ष्मण रेखा के पास पहुंचता है और नमाज का समय नजदीक होता है, तो उसे नमाज से 15 मिनट पहले वहीं रोकने की व्यवस्था की गई थी. इसका उद्देश्य जुलूस के दौरान आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखना था.

अखाड़ों के लिए निर्धारित था अलग-अलग समय

अखाड़ा नंबर एक मखदूम सराय से दोपहर 12 बजे रवाना होकर शाम चार बजे मेला स्थल पहुंचने का समय निर्धारित था. धर्मसभा अखाड़ा 4.15 बजे, सोनार टोली 4.30 बजे, दक्षिण टोला 4.45 बजे, नई बाजार 5 बजे, कसेरा टोली 5.15 बजे, पुरानी बजाजी-मलेश्वरी चौक 5.30 बजे, कंधवारा 6.35 बजे और श्रीनगर 6.40 बजे मेला स्थल पहुंचने के लिए निर्धारित था. महादेवा अखाड़े के लिए भी समय निर्धारित किया गया था.

बिजली कटौती से लोगों को हुई परेशानी

महावीरी मेला के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार की रात करीब 10.03 बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी. मेला समाप्त होने के बाद बिजली बहाल करने का निर्देश था. मेला शनिवार सुबह करीब पांच बजे समाप्त हो गया, लेकिन बलेथा फीडर में शाम करीब 10 बजे तक बिजली बहाल नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

महावीरी झंडा मेला को लेकर प्रशासन की सक्रियता पूरी रात बनी रही. पुलिस, दंडाधिकारी और शांति समिति के सदस्य जुलूस के साथ-साथ चलते रहे. लाठी प्रदर्शन के दौरान हुई घटना को छोड़कर प्रशासन की सक्रियता से स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया. मेला क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की.

फोटो: स्थापित बजरंगबली का मूर्ति फ़ोटो.करतब दिखाते लोग | Prabhat Khabar Network
फोटो: स्थापित बजरंगबली का मूर्ति फ़ोटो.करतब दिखाते लोग | Prabhat Khabar Network
फोटो: स्थापित बजरंगबली का मूर्ति फ़ोटो.करतब दिखाते लोग | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >