सीवान में महावीरी अखाड़ा मेला को लेकर शांति समिति की बैठक, लाइसेंस के साथ ही निकलेगा अखाड़ा

सीवान के कनहर जनक बाग में महावीरी अखाड़ा मेला 24 और 25 सितंबर को आयोजित होगा. मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और नियमों पर चर्चा की गई.

Siwan News : जीबी नगर थाना क्षेत्र के कनहर जनक बाग गांव में महावीरी अखाड़ा मेला को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को फखरुदीनपुर बाजार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों और बुद्धिजीवियों के साथ मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की. अधिकारियों ने लोगों से सरकारी निर्देशों का पालन करते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल में मेला संपन्न कराने में सहयोग की अपील की.

24 और 25 सितंबर को होगा महावीरी अखाड़ा मेला

बैठक का नेतृत्व सीओ बड़हरिया विनीत कुमार, बीडीओ बड़हरिया संदीप कुमार और पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया. सीओ विनीत कुमार ने बताया कि महावीरी अखाड़ा मेला 24 और 25 सितंबर को आयोजित होगा.

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों से अखाड़ा मेला में शामिल होने के लिए निकलेगा, वहां के आयोजकों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. इसके साथ ही प्रत्येक अखाड़े के लिए पांच सदस्यों की टीम गठित करनी होगी.

निर्धारित रूट से ही निकलेगा अखाड़ा

बीडीओ संदीप कुमार ने कहा कि अखाड़ा जुलूस के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित रूट ही मान्य होगा. आयोजकों को उसी निर्धारित मार्ग से अखाड़ा निकालना होगा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला के दौरान डीजे और आर्केस्ट्रा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा. बीडीओ ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और महावीरी अखाड़ा मेला को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की.

शरारती तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर

पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी आदेशों का पालन करते हुए लाइसेंस के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अखाड़ा निकाला जाए. मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी है.

उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी. शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जायेगी. किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

बैठक में सैकड़ों लोग रहे मौजूद

शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया. बैठक में मुखिया प्रतिनिधि संजय कुशवाहा, मुखिया शंभु यादव, पूर्व जिला पार्षद सोहैल अहमद, मिस्टर यादव, जिला पार्षद विनोद सिंह, बादशाह अंसारी, मोहम्मद सलाम, शमीम मियां, मोहम्मद निजाम समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >