सीवान: साउंड बॉक्स की अनुमति पर नहीं बनी सहमति, हथिगाई में नहीं निकला महावीरी अखाड़ा जुलूस

बड़हरिया के हथिगाईं गांव में प्रशासन से साउंड बॉक्स की अनुमति न मिलने के कारण महावीरी अखाड़ा जुलूस रद्द कर दिया गया। मेले में लोगों को काफी निराशा हुई।

Siwan News : बड़हरिया थाना क्षेत्र के हथिगाईं गांव में रविवार को साउंड बॉक्स की संख्या को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण महावीरी अखाड़े का जुलूस नहीं निकाला गया. जुलूस निकालने को लेकर ग्रामीणों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन झांकी में केवल एक साउंड बॉक्स लगाने की अनुमति मिलने के बाद जुलूस निकालने पर सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद ग्रामीणों ने अखाड़ा जुलूस नहीं निकालने का निर्णय लिया.

मेले में सजीं दुकानें, जुलूस का होता रहा इंतजार

हथिगाईं स्कूल परिसर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महावीरी अखाड़ा मेले का आयोजन हुआ. मेले में विभिन्न दुकानें सजीं और बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. हालांकि, हथिगाईं गांव का अखाड़ा जुलूस मेले में नहीं पहुंचा. जुलूस के आने की उम्मीद में दर्शक देर रात तक इंतजार करते रहे. जुलूस नहीं आने से लोगों में निराशा देखी गयी.

इस मेले में शामिल होता है एकमात्र अखाड़ा

बताया जाता है कि हथिगाईं गांव का अखाड़ा ही इस मेले में शामिल होने वाला एकमात्र अखाड़ा है. साउंड बॉक्स की संख्या को लेकर प्रशासन की अनुमति और ग्रामीणों की अपेक्षा के बीच सहमति नहीं बन सकी. इसी वजह से इस बार अखाड़ा जुलूस नहीं निकाला गया. हालांकि, लोगों ने मेले में खरीदारी की और कार्यक्रम में हिस्सा लिया, लेकिन अखाड़ा जुलूस का आनंद नहीं ले सके.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा सतर्क

महावीरी अखाड़ा मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिस प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त और निगरानी करती रही, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो.

एडवांस भुगतान के बाद भी नहीं निकली झांकी

आयोजकों का कहना है कि गोरखपुर की झांकी पार्टी को कार्यक्रम के लिए कुछ एडवांस भुगतान भी किया गया था. लेकिन झांकी पार्टी कम साउंड पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए तैयार नहीं हुई. इसके बाद जुलूस निकालने को लेकर सहमति नहीं बन सकी और अखाड़ा जुलूस को स्थगित कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >