Eid Miladunnabi: ईद मिलादुन्नबी को लेकर महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में तैयारियां तेज हो गयी हैं. 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया जाएगा. इस अवसर पर शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा. जुलूस को लेकर आयोजन समितियों और स्थानीय लोगों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गयी है. जगह-जगह ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाओं वाले बैनर लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा सजावटी सामान के अस्थायी स्टॉल भी लगाए गये हैं. रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री और धार्मिक संदेशों वाले बैनरों से बाजार का माहौल त्योहारमय नजर आ रहा है.
जुलूस की तैयारियों को लेकर हो रही बैठकें
जुलूस की तैयारी को लेकर स्थानीय स्तर पर बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं. जुलूस में शामिल होने वाले अकीदतमंदों के लिए शरबत, तबर्रुक, बैठने सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की जा रही है. आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है.
शाही जामा मस्जिद से शुरू होगा जुलूस
आयोजन से मिली जानकारी के अनुसार जुलूस शहर के पुरानी बाजार स्थित शाही जामा मस्जिद से शुरू होगा. इसके बाद जुलूस नाखास चौक, मोहन बाजार, राजेंद्र चौक, बांटा मोड़, नया बाजार, काजी बाजार, पुरानी बाजार, शहीद स्मारक चौक, थाना रोड, कर्पूरी पथ और पसनौली होते हुए शाही जामा मस्जिद पहुंचेगा.
जुलूस के दौरान यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी स्थानीय स्तर पर तैयारी की जा रही है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो. आयोजन से जुड़े लोगों की ओर से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है.
25 अगस्त को छोटी मस्जिद में होगी महफिल-ए-मिलाद
वहीं, शहर के नाखास चौक स्थित छोटी मस्जिद के मुतवल्ली मोहम्मद मुस्लिम ने बताया कि 25 अगस्त को छोटी मस्जिद में महफिल-ए-मिलाद शरीफ का आयोजन किया जाएगा. इसमें कई उलेमा शिरकत कर तकरीर करेंगे. कमेटी के मुतवल्ली ने लोगों से महफिल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है.
ईद मिलादुन्नबी को लेकर लोगों में उत्साह
ईद मिलादुन्नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिवस की याद में मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है. इस अवसर पर मिलाद, धार्मिक कार्यक्रम और जुलूस सहित विभिन्न आयोजन किए जाते हैं. महाराजगंज में भी पर्व को लेकर लोगों में उत्साह है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
