Indian Army lieutenant: सीवान जिले के महाराजगंज प्रखंड अंतर्गत सिकटिया गांव (लालजी टोला) निवासी दीपक कुमार पांडेय ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है. ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में आयोजित 29वीं पासिंग आउट परेड और पीपिंग सेरेमनी के दौरान उन्हें सैन्य अधिकारी के रूप में लेफ्टिनेंट पद की जिम्मेदारी सौंपी गई. दीपक के सेना में अफसर बनते ही परिवार और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई.
कोलकाता और पटना से पूरी की पढ़ाई
दीपक के पिता कन्हैया पांडेय हैं, जबकि उनकी माता स्वर्गीय सुनयना देवी थीं. उन्होंने अपनी प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय संख्या-1, कांचरापाड़ा (कोलकाता) से हासिल की. इसके बाद उन्होंने पटना के एनी बेसेंट इंटरनेशनल स्कूल से उच्च माध्यमिक की पढ़ाई पूरी की. दीपक ने वेस्ट बंगाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग की डिग्री ली.
इंजीनियरिंग के बाद सेना में जाने का सपना
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद दीपक ने कॉर्पोरेट करियर की जगह देश सेवा का मार्ग चुना और भारतीय सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया. कठिन परिश्रम के बाद उन्होंने ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) का कड़ा सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया. पासिंग आउट परेड और पीपिंग सेरेमनी के गौरवशाली पलों के साथ वे भारतीय थल सेना का अभिन्न अंग बन गए.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा के स्रोत
दीपक की इस बड़ी कामयाबी पर परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य जीवन की कामना की है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दीपक ने अपनी निष्ठा और कड़ी मेहनत से पूरे जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में शामिल होकर देश सेवा करने की नई प्रेरणा मिलेगी.
Also Read: सीवान में बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खाड़ी में पलटा, चालक सुरक्षित, टला बड़ा हादसा
