आरपीएफ ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 13 वर्षीय लापता बालक को सीवान में किया बरामद

सीवान रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' के तहत एक 13 वर्षीय लापता बालक को बरामद किया है. गलती से ट्रेन में बैठकर सीवान पहुंच गए बालक को चिकित्सीय जांच के बाद बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया.

सीवान : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान ने ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक 13 वर्षीय लापता बालक को सुरक्षित बरामद किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सोमवार को बाल कल्याण समिति, सीवान के सुपुर्द कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार, दो अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 15909 अप अवध आसाम एक्सप्रेस की छपरा से गोरखपुर के बीच एस्कॉर्टिंग के दौरान एस्कॉर्ट पार्टी के कमांडर कांस्टेबल पलक धारी यादव एवं उनकी टीम को कोच संख्या एस-4 में एक बालक लावारिस अवस्था में मिला.

इसके बाद एस्कॉर्ट टीम ने बालक को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट सीवान लाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया. आरपीएफ पोस्ट पर पाली प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बालक से पूछताछ की.

गलती से ट्रेन में बैठकर पहुंच गया था सीवान

पूछताछ में बालक ने अपना नाम मोहम्मद इदरीश (13 वर्ष), पिता मोहम्मद नुहू, निवासी ग्राम परानपुर बेलगाछी, थाना परानपुर, जिला कटिहार बताया. बालक ने बताया कि वह गलती से ट्रेन में बैठ गया था और इसी दौरान सीवान पहुंच गया.

आरपीएफ ने बालक द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर उसके पिता मोहम्मद नुहू से संपर्क किया. पिता ने इदरीश को अपना पुत्र बताते हुए उसकी पहचान की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में मुंबई में हैं और अपने भाई व बालक के मामा को सीवान भेज रहे हैं.

चिकित्सीय जांच के बाद बाल कल्याण समिति को सौंपा

आरपीएफ ने परिजनों को बालक के सुरक्षित होने की जानकारी दी और उन्हें आश्वस्त किया. सोमवार को सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय बालक को सदर अस्पताल सीवान ले गए, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया.

इसके बाद फॉर्म-17 समेत सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोपहर 12:10 बजे बालक को विधिवत बाल कल्याण समिति, सीवान के सुपुर्द कर दिया गया.

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे क्षेत्र में भटके, लापता या असहाय बच्चों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है.

Also Read: Bankipur By Election Result: बांकीपुर में छा गए प्रशांत किशोर, 2025 में हार के 9 महीनों बाद ऐसा क्या बदला कि BJP को उसी के गढ़ में पछाड़ दिया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >