Siwan News : उत्पाद विभाग ने विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए 1,084 लीटर से अधिक शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान नौ शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपित फरार होने में सफल रहे. सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पिकअप से 864 लीटर शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
उत्पाद सदर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एएसआई पिंटू कुमार ने सराय थाना क्षेत्र के हरिदया मोड़ पर एक पिकअप वाहन से 864 लीटर शराब बरामद की. मौके से हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा निवासी सुनील कुमार और समुंदर को गिरफ्तार किया गया.
घर, चेकपोस्ट और रेलवे ढाला पर भी हुई कार्रवाई
एमएच नगर थाना क्षेत्र के हसनपुरा पासी टोला में एसआई अमित कुमार ने एक मकान से 90 लीटर शराब बरामद कर बुनिया देवी को गिरफ्तार किया. इस दौरान आरोपित मुकेश चौधरी फरार हो गया. पुलिस ने मकान को सील कर दिया है.
गुठनी चेकपोस्ट पर एएसआई विशु हेम्ब्रम ने 1.60 लीटर शराब के साथ गुठनी निवासी दिनेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया. वहीं सराय थाना क्षेत्र के पूरब पट्टी विंद टोली में एएसआई सोनू कुमार सिंह ने 12 लीटर शराब के साथ अमरजीत प्रसाद, अजय कुमार और सरवन कुमार को गिरफ्तार किया.
बाइक से विदेशी व देसी शराब बरामद
मैरवा रेलवे ढाला पर एएसआई मंटू कुमार दास ने 21 लीटर शराब के साथ श्रीनगर निवासी राजा कुमार को गिरफ्तार किया. वहीं धरनी छापर चेकपोस्ट पर एएसआई देवेंद्र प्रसाद ने एक बाइक से 8.80 लीटर देसी और 26.540 लीटर विदेशी शराब बरामद की. इस मामले में एक आरोपित फरार हो गया.
60 लीटर शराब के साथ एक और तस्कर गिरफ्तार
सराय थाना क्षेत्र के उखई वार्ड संख्या-7 में छापेमारी के दौरान 60 लीटर शराब के साथ जीबी नगर थाना क्षेत्र के पपौर मठिया निवासी मोती चंद्र प्रसाद को गिरफ्तार किया गया. उत्पाद विभाग ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
