Siwan News : रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नेवारी गांव में शनिवार की दोपहर बारिश के दौरान ठनका गिरने से 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
धान की रोपनी के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि शनिवार को बारिश के बीच किसान पंपसेट चलाकर धान की रोपनी कर रहे थे. इसी दौरान नेवारी गांव निवासी नाजिर हुसैन का 21 वर्षीय पुत्र अनवर हुसैन और विश्राम महतो का 14 वर्षीय पुत्र विकास कुमार अपने-अपने खेत में काम कर रहे थे. तभी तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा. इसकी चपेट में आने से अनवर हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.
गंभीर घायल किशोर सीवान रेफर
घटना के बाद परिजन घायल विकास कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
कुछ दिन पहले ही घर लौटा था अनवर
परिजनों ने बताया कि अनवर हुसैन बाहर नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था. वह खेती के काम में परिवार का हाथ बंटाने के लिए खेत गया था, लेकिन हादसे का शिकार हो गया.
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढाढ़स
घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि सरोज दास, नंदकिशोर मांझी, नागेंद्र मांझी और राजबली मांझी मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
