सीवान में आपसी विवाद में मारपीट, गोली चलने का आरोप, तीन घायल, जानिए पूरा मामला

सीवान के धनौती गांव में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. इस मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों ने चाकू से हमला करने और गोली चलाने का भी आरोप लगाया है.

Siwan Crime News : सीवान धनौती थाना क्षेत्र के धनौती गांव में रविवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. घटना में तीन लोग घायल हो गए. घायलों ने हमलावरों पर चाकू से हमला करने और दो राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस ने गोली चलने की बात से इनकार करते हुए कहा है कि मामला लाठी-डंडे से हुई मारपीट का है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

मारपीट और चाकू से हमले में तीन लोग घायल

घायलों में शीला देवी, मनीष कुमार राय और अरुण कुमार राय शामिल हैं. सभी को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.

घायल का आरोप, मां पर की गई दो राउंड फायरिंग

घायल मनीष कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है. उनके अनुसार रविवार की सुबह करीब आधा दर्जन लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजे पर मौजूद उनकी मां शीला देवी के साथ मारपीट करने लगे. बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने चाकू से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया और उनकी मां को जान से मारने की नीयत से दो राउंड गोली भी चलाई, जिसमें वह बाल-बाल बच गईं.

थानाध्यक्ष पर भी लगाया गंभीर आरोप

मनीष कुमार राय ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले वह जमीन से संबंधित दस्तावेज लेकर धनौती थाना गए थे, लेकिन थानाध्यक्ष ने मामले पर कार्रवाई नहीं की. उनका कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी.

पुलिस ने फायरिंग से किया इनकार

धनौती थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया गोलीबारी की घटना सामने नहीं आई है. उनके अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर लाठी-डंडे से मारपीट हुई है. उन्होंने बताया कि घायलों का फर्द बयान लेने के लिए पुलिस पदाधिकारी को अस्पताल भेजा गया था, लेकिन वहां किसी ने बयान दर्ज नहीं कराया. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >