सीवान : सो रही पत्नी के चेहरे पर तेजाब डालने का आरोप, 12 घंटे तक नहीं कराया इलाज, पति हिरासत में

Siwan Acid Attack : सीवान जिले के नवलपुर गांव में एक 25 वर्षीय महिला पर सोते समय उसके पति ने कथित तौर पर तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। महिला का चेहरा 17-18% झुलस गया है और पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

Siwan Acid Attack : सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव में एक 25 वर्षीय महिला के चेहरे पर सोते समय तेजाब जैसे ज्वलनशील पदार्थ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता की पहचान छोटी कुमारी, पत्नी दिलीप राम, के रूप में हुई है. घटना के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया और वह कई घंटों तक घर में ही दर्द से तड़पती रही.

पड़ोसी ने मायके वालों को दी जानकारी, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

पीड़िता ने किसी तरह पड़ोस की एक महिला के मोबाइल से अपने मायके सूचना दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे. सूचना मिलने पर बड़हरिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और महिला को घर से बाहर निकालकर पहले बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बाद में बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया.

डॉक्टर बोले, चेहरा 17 से 18 प्रतिशत तक झुलसा

चिकित्सकों के अनुसार महिला के चेहरे का लगभग 17 से 18 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है. फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना में पास में सो रहे महिला के छोटे बेटे के चेहरे पर भी हल्के जलने के निशान मिलने की बात सामने आई है.

परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता की मां बीजान्ती देवी ने आरोप लगाया कि उनके दामाद कोई काम नहीं करते और परिवार का खर्च मायके से भेजी गई राशि से चलता है. उनका कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वे बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसका चेहरा बुरी तरह झुलसा हुआ था. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज के लिए ले जाने के दौरान ससुराल पक्ष ने रोकने का प्रयास किया.

पीड़िता का आरोप, पति ने किया हमला

पीड़िता के अनुसार बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे. रात करीब तीन बजे चेहरे में तेज जलन होने पर उसकी नींद खुली. उसने देखा कि चेहरे और बिस्तर पर तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ पड़ा हुआ है और नीचे बिछी चादर भी जल चुकी थी. पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालने के बाद केवल पानी डालकर मामला छिपाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गया.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पति हिरासत में

घटना की सूचना मिलने के बाद बड़हरिया थाना पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से भी पूछताछ की. मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी घटनास्थल पहुंचे.

एसपी बोले, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि महिला के प्रारंभिक बयान में पति पर सोते समय चेहरे पर तेजाब जैसे ज्वलनशील पदार्थ डालने का आरोप लगाया गया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि इस्तेमाल किया गया पदार्थ वास्तव में तेजाब था या कोई अन्य ज्वलनशील रसायन. जांच रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : सीवान में घर के पीछे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Arvind kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >