झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न, स्कूल परिसरों में भरा पानी, जनजीवन प्रभावित

Siwan News : सोमवार रात से हो रही झमाझम बारिश ने हसनपुरा प्रखंड के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. नगर पंचायत हसनपुरा सहित कई पंचायतों में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. वहीं, किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई है, जिससे धान की रोपनी का कार्य तेज हो गया है.

Siwan News : प्रखंड क्षेत्र में सोमवार देर रात से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. नगर पंचायत हसनपुरा सहित कई पंचायतों में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं दूसरी ओर खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और धान की रोपनी का कार्य तेज हो गया है.

विद्यालय परिसरों में भरा पानी, बच्चों को हुई परेशानी

लगातार बारिश के कारण माध्यमिक उच्च विद्यालय हसनपुरा, प्राथमिक विद्यालय सहुली, बालक मध्य विद्यालय मंदरौली और मध्य विद्यालय महमूदपुर समेत कई विद्यालयों के परिसर में पानी भर गया. विद्यालय पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को जलजमाव के बीच होकर गुजरना पड़ा, जिससे उन्हें काफी कठिनाई हुई. कई बच्चों के जूते-चप्पल भी पानी में भीग गए.

प्रमुख सड़कों पर जलजमाव से बढ़ी मुश्किलें

नगर पंचायत के उसरी बुजुर्ग कुशवाहा नगर, विशुनपुरा, अरंडा, हसनपुरा, मंद्रापाली और मलाही डीह समेत कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब जाने से आवागमन प्रभावित रहा.

किसानों के लिए राहत बनी बारिश

लगातार बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी भर जाने के कारण धान की रोपनी का कार्य आसान हो गया है. लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली है. खेतों में पानी उपलब्ध होने से रोपनी का कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है.

जल निकासी की व्यवस्था की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है. उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. समय रहते प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था होने से लोगों को राहत मिल सकेगी.

Also Read : 13 साल पुराने अपहरण मामले के फरार आरोपी के घर कुर्की, गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Umashankar ram

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >