सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दरौंदा में प्रसव के बाद मरीज के अभिभावक से कथित रूप से अवैध राशि मांगने का मामला सामने आया है. इस संबंध में एक वीडियो कार्यालय को प्राप्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से छह कर्मियों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
नोटिस के माध्यम से जीएनएम संगीता कुमारी, स्टाफ नर्स सबीता कुमारी, एएनएम अनिता कुमारी, ममता कार्यकर्ता प्रेम कुमारी एवं सुरसती देवी तथा सफाईकर्मी कोशिला देवी से स्पष्टीकरण मांगा गया है. नोटिस में कहा गया है कि शिशु के प्रसव के बाद मरीज के अभिभावक से कथित रूप से अवैध तरीके से पैसे मांगने से संबंधित एक वीडियो कार्यालय को प्राप्त हुआ है. इस तरह की मांग को अनुचित बताते हुए संबंधित कर्मियों से मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है.
दो दिनों में देना होगा जवाब
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी विकास कुमार भारद्वाज ने सभी छह कर्मियों को नोटिस प्राप्त होने के दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. नोटिस में कहा गया है कि यदि संबंधित कर्मियों का जवाब असंतोषजनक पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारी से अनुशंसा की जाएगी.
सिविल सर्जन को भी भेजी गयी सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना सीवान के सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को भी भेजी गयी है. स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद सीएचसी में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गयी है. अब संबंधित कर्मियों के स्पष्टीकरण और विभागीय स्तर पर आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर है.
हालांकि, नोटिस में लगाए गए आरोपों पर संबंधित कर्मियों का पक्ष सामने नहीं आया है. विभागीय जांच और स्पष्टीकरण के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
