Mahavir Jhanda Mela: एमएच नगर थाना क्षेत्र में आगामी महावीरी झंडा मेला को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने एहतियाती कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के करीब 300 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126 के तहत कार्रवाई की गयी है. पुलिस की ओर से संबंधित लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पाबंद किया गया है, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
300 लोगों को किया गया चिन्हित
थानाध्यक्ष ने बताया कि महावीरी झंडा मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल होते हैं. मेले के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से करीब 300 लोगों को चिन्हित कर बीएनएसएस की धारा 126 के तहत कार्रवाई की गयी है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर जिला स्तर पर भेज दिया गया है. पुलिस की ओर से मेले को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी
पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों एवं मेला क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
