Siwan News : सीवान जिले में स्वर्ण व्यवसायियों को लगातार निशाना बनाए जाने की घटनाओं को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है. वैशाली में स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में दो दिन पूर्व सीवान में कैंडल मार्च निकाला गया था. इसके 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार में लूटपाट के दौरान अपराधियों ने एक और स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी. इलाज के दौरान गोरखपुर में उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान दिलीप कुमार वर्मा के रूप में हुई है. लगातार हो रही घटनाओं से स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.
लगातार घटनाओं से कारोबारियों में बढ़ रहा आक्रोश
स्वर्ण व्यवसायियों को लगातार निशाना बनाए जाने को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने चिंता जतायी है. उनका कहना है कि बिहार में लगातार स्वर्ण व्यवसायियों को टारगेट कर हत्या और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसके बावजूद व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाये जा रहे हैं.
एसपी से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
स्वर्ण व्यवसायी संगठन के राष्ट्रीय सचिव रूपेश कुमार और प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय ने पुलिस अधीक्षक भारत सोनी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग की. एसपी से मुलाकात से पहले संगठन के पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर की.
छोटे बाजारों की आभूषण दुकानें अधिक संवेदनशील
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि खासकर छोटे-छोटे बाजारों में संचालित आभूषण दुकानों को अपराधी अधिक निशाना बना रहे हैं. ऐसे बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील इलाकों की पहचान कर स्वर्ण व्यवसायियों के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की.
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की उठी मांग
व्यवसायी संगठन ने लगातार हो रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पदाधिकारियों का कहना है कि स्वर्ण व्यवसायियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने होंगे. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की.
