सीवान: बड़हरिया के सरपंच विनोद कुशवाहा की संदिग्ध मौत, गाजीपुर में पेड़ से लटका मिला शव

बड़हरिया पंचायत के सरपंच और यूट्यूबर विनोद कुशवाहा का शव गाजीपुर में पेड़ से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीवान: बड़हरिया प्रखंड की हरदोबारा पंचायत के सरपंच और बभनबारा निवासी विनोद कुमार उर्फ विनोद कुशवाहा (50) की उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. उनका शव खानपुर थाना क्षेत्र के राजवाड़ी-औड़िहार रेलवे ट्रैक के पास एक पेड़ से लटका मिला.

20 जुलाई को बाइक से घर से निकले थे सरपंच

बताया जाता है कि विनोद कुशवाहा 20 जुलाई को अपनी हीरो पैशन बाइक से परिजनों से पंचायत करने की बात कहकर घर से निकले थे. 23 जुलाई को परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया तो उन्होंने खुद को पटना में बताया था. इसके बाद परिजनों ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.

28 जुलाई को पुलिस की ओर से परिजनों को उनकी मौत की सूचना दी गयी. बताया जाता है कि उनके बड़े भाई संतोष कुशवाहा के पुत्र अतीश कुमार ने 28 जुलाई को उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज करायी थी.

सामाजिक मुद्दों को लेकर मुखर थे विनोद कुशवाहा

विनोद कुशवाहा सरपंच होने के साथ यू-ट्यूबर भी थे और सामाजिक मुद्दों को बेबाकी से उठाते थे. इस वजह से कई लोगों से उनकी अनबन होने की बात भी सामने आती रही है. हालांकि उनकी मौत के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

परिजनों के अनुसार बुधवार की शाम गाजीपुर सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. शव के पैतृक गांव बभनबारा पहुंचने में देर होने की संभावना है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

विनोद कुशवाहा स्वर्गीय छठू कुशवाहा के पुत्र थे और चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे. उनके आठ वर्षीय पुत्र प्रभाष कुशवाहा हैं. उनकी संदिग्ध मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. घटना के बाद बभनबारा कोइरी टोला में भी भय और चिंता का माहौल है.

इधर, सरपंच संघ के अध्यक्ष झगरू यादव, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, सरपंच नूरुल होदा, जदयू नेता गुड्डू सिंह, जिला पार्षद विनोद सिंह, आदर्श पांडेय, माले नेता रमाशंकर चौरसिया, पैक्स अध्यक्ष संतोष यादव सहित अन्य समाजसेवियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि विनोद कुशवाहा की पत्नी मंगलवार से ही बेसुध हैं.

इसे भी पढ़ें- बिहार स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट: जेल से जल्द बाहर आएंगे छात्र, सरकार के आदेश के बाद जारी हुआ रिलीज ऑर्डर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >