Illegal Recovery: भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र की बड़कागांव पंचायत में पूर्व ग्रामीण आवास सहायक राम नरेश रजक पर आवास योजना के लाभुकों से कथित रूप से अवैध वसूली करने के आरोप की जांच शुरू हो गयी है. पंचायत की मुखिया प्रिया सिंह ने बीडीओ को लिखित शिकायत के साथ एक ऑडियो क्लिप सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद बीडीओ प्रियंका कुमारी ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है.
मुखिया की शिकायत के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभुक श्रीकांत सिंह से 10 हजार रुपये और रिझन राय से 11 हजार रुपये लिये जाने का आरोप है. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक कुंती देवी से 20 हजार रुपये सीएसपी के माध्यम से लिये जाने की बात शिकायत में कही गयी है. शिकायत के समर्थन में एक ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध करायी गयी है.
तीन दिनों में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
बीडीओ ने मामले की जांच के लिए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) और जेएसएस को शामिल करते हुए दो सदस्यीय टीम बनायी है. टीम को तीन दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है.
बड़हरिया प्रखंड में पदस्थापित हैं आरोपित
बताया जाता है कि आरोपित पूर्व ग्रामीण आवास सहायक राम नरेश रजक वर्तमान में बड़हरिया प्रखंड में पदस्थापित हैं. अब जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: कल का मौसम: 3 सितंबर को बिहार के 7 जिलों में जमकर होगी बारिश, अगले 72 घंटे कैसा रहेगा आपके जिले का हाल?
