करेंट लगने से लोकगायक सतेंद्र यादव की मौत

थाना क्षेत्र के देहरी बाजार में शुक्रवार की शाम स्थानीय लोक गायक सतेंद्र यादव की करेंट लगने से मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

भगवानपुर हाट. थाना क्षेत्र के देहरी बाजार में शुक्रवार की शाम स्थानीय लोक गायक सतेंद्र यादव की करेंट लगने से मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार स्थित बिजली पोल के पास निकले तार के संपर्क में सतेंद्र यादव अचानक आ गए. करेंट की चपेट में आकर वे पास ही गिर पड़े. यह देख आसपास मौजूद लोग दौड़े और किसी तरह उन्हें बचाने का प्रयास किया.बिजली सब स्टेशन को भी तत्काल बिजली काटने की सूचना दी गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक का परिवार घटनास्थल पर पहुंचा और चीत्कार मच गया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, पत्नी संजू देवी और पुत्री वर्षा कुमारी शव से लिपटकर विलाप करने लगीं. दोनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना की सूचना पर जिला पार्षद सुशील कुमार डब्लू, प्रभुनाथ प्रसाद, अर्जुन ठाकुर, सरपंच संजय कुमार यादव, पैक्स अध्यक्ष संजय शर्मा, जितेंद्र प्रसाद यादव, विशाल कुमार, राजीव कुमार और सुधांशु कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया. वहीं ग्रामीणों ने बिजली कंपनी की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराया और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की. लोक गायक सतेंद्र यादव अपनी मधुर आवाज और लोकगीतों के कारण इलाके में काफी लोकप्रिय थे. उनके असामयिक निधन से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव में मातम छा गया है. ग्रामीणों ने कहा कि उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >