Siwan News : हसनपुरा प्रखंड के सहुली स्थित ई-किसान भवन परिसर में बुधवार को खाद-बीज के सभी लाइसेंसी दुकानदारों की बैठक हुई. अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदित्य प्रताप पांडेय ने की. बैठक में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने पर चर्चा हुई.
अब दुकानों पर लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों को खाद लेने के लिए अब दुकानों पर सुबह से लंबी कतार में लगने की आवश्यकता नहीं होगी. मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान पहले ही पता कर सकेंगे कि किस खाद दुकान पर कितनी मात्रा में खाद उपलब्ध है. इसके बाद किसान अपनी सुविधा के अनुसार खाद की बुकिंग करा सकेंगे.
स्मार्टफोन नहीं है तो सीएससी से करा सकेंगे बुकिंग
उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या साइबर कैफे में जाकर फार्मर आईडी के माध्यम से खाद की बुकिंग करा सकते हैं. इससे किसानों को खाद लेने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
खाद-बीज की उपलब्धता पर भी हुई चर्चा
बैठक में खाद-बीज की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को समय पर खाद मुहैया कराने सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. कृषि पदाधिकारी ने दुकानदारों से निर्धारित व्यवस्था के तहत किसानों को खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
कृषि विभाग के अधिकारी और सलाहकार रहे मौजूद
बैठक में कृषि समन्वयक बृज बैरिस्टर सिंह, उपेंद्र कुमार, विमल कुमार तथा किसान सलाहकार संतोष कुमार, जवाहर राम, उदय पांडेय, कलाम अंसारी, पुनिता कुमारी समेत अन्य उपस्थित रहे.
