सीवान: जिले में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों का अपार (APAAR) आईडी बनाने की धीमी प्रगति पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. बिहार शिक्षा परियोजना की समीक्षा में सीवान राज्य में अंतिम पायदान पर पहुंच गया है. जिले के कुल नामांकित विद्यार्थियों में अब तक केवल 61 प्रतिशत छात्रों का ही अपार आईडी तैयार हो सका है. इसे गंभीर मानते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) सैयद तारिक सज्जाद ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को तीन दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने का निर्देश दिया है.
1.12 लाख से अधिक छात्रों का अपार आईडी अभी बाकी
विभागीय आंकड़ों के अनुसार निजी विद्यालयों के यू-डायस 2026-27 में जिले के 1,61,931 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है. इनमें 95,213 छात्रों का आधार उपलब्ध है, जबकि अब तक केवल 49,723 छात्रों का ही अपार आईडी बनाया जा सका है. अभी 1,12,208 विद्यार्थियों का अपार आईडी तैयार किया जाना बाकी है.
आधार सत्यापन और नाम सुधार पर जोर
शिक्षा विभाग ने विद्यालयों को निर्देश दिया है कि सबसे पहले विद्यार्थियों का आधार सत्यापन कराया जाए. आधार पर दर्ज नाम और विद्यालय के अभिलेखों में दर्ज नाम का मिलान कर यू-डायस पोर्टल पर लंबित त्रुटियों का शीघ्र सुधार किया जाए. जिन छात्रों का आधार सत्यापन लंबित है या नाम में त्रुटि है, उनका तत्काल समाधान कर अपार आईडी निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जाए.
समय सीमा में लक्ष्य पूरा नहीं करने पर होगी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले निजी विद्यालयों की जवाबदेही तय की जाएगी. लापरवाही मिलने पर संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
डीईओ बोले- परीक्षा प्रक्रिया में आ सकती है परेशानी
जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी निर्माण 30 जून तक पूरा किया जाना था, ताकि पंजीयन, सूचीकरण और परीक्षा आवेदन में किसी प्रकार की परेशानी न हो. लेकिन कई विद्यालयों में अब तक यह कार्य पूरा नहीं हुआ है.
उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र का पंजीयन या परीक्षा आवेदन अपार आईडी के अभाव में प्रभावित होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक की होगी.
बीईओ को भी नियमित समीक्षा का निर्देश
डीईओ ने सभी विद्यालयों को यू-डायस पोर्टल पर नामांकित विद्यार्थियों की स्टूडेंट प्रोफाइल एंट्री, ड्रॉप बॉक्स इंपोर्ट तथा अपार आईडी निर्माण का कार्य अविलंब शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को नियमित समीक्षा कर अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि आदेश की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
