Siwan News: समाहरणालय सभाकक्ष में रविवार को जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की जून माह की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए.
हेलमेट और सीट बेल्ट की होगी सघन जांच
डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को जिलेभर में हेलमेट और सीट बेल्ट की सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जाए.
एनएच पर स्पीड लिमिट और चेतावनी लाइट लगाने का निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्थानों पर गति सीमा (स्पीड लिमिट) के संकेतक लगाने का निर्देश दिया गया. साथ ही आवश्यकता के अनुसार लाल, पीली और हरी चेतावनी लाइट लगाने तथा शहर से राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर रंबल स्ट्रिप लगाने को कहा गया.
15 अगस्त पर सम्मानित होंगे गुड सेमेरिटन
डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को आगामी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
इंटरसेप्टर वाहन की मांग भेजने के निर्देश
पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इंटरसेप्टर वाहन की मांग संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश भी दिया गया.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल छपरा के कार्यपालक अभियंता, मोटर यान निरीक्षक, प्रवर्तन निरीक्षक, पथ प्रमंडल सीवान के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
