Siwan District Bar Association: जिला अधिवक्ता संघ सीवान के कार्यकारिणी चुनाव सत्र 2026-2028 को लेकर सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई. पहले दिन विभिन्न पदों के लिए अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया. चुनाव पदाधिकारी रविनाथ वर्मा ने पहले दिन दाखिल नामांकन के आधार पर प्रत्याशियों की सूची जारी की है.
उपाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी
जारी सूची के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए पंकज कुमार सिंह एवं विजय कुमार दुबे ने नामांकन दाखिल किया है. महासचिव पद के लिए जितेंद्र प्रसाद सिंह, महेश प्रसाद श्रीवास्तव, कमल किशोर सिंह, राजू कुमार मिश्रा एवं अरुण कुमार पाण्डेय ने नामांकन किया है.
विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
संयुक्त सचिव नं.-1 पद के लिए अमित रंजन ने नामांकन किया है. संयुक्त सचिव नं.-3 पद के लिए पंकज कुमार एवं मोहम्मद कलीमुल्लाह प्रत्याशी हैं. सहायक सचिव नं.-2 पद के लिए आशुतोष रंजन दुबे तथा सहायक सचिव नं.-3 पद के लिए विमलेश कुमार सिंह नं.-2 ने नामांकन किया है.
कोषाध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र कुमार मिश्रा ने नामांकन दाखिल किया है. अंकेक्षक पद के लिए शैलेन्द्र कुमार एवं रमेश कुमार उपाध्याय ने नामांकन किया है. कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कुमारी मनीषा ने नामांकन किया है.
17 से 19 अगस्त तक होगा नामांकन
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 17 अगस्त से 19 अगस्त तक चलेगी. इच्छुक प्रत्याशी पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 20 अगस्त को शाम 4 बजे तक होगी. नामांकन वापसी 21 एवं 22 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे तक की जा सकेगी.
31 अगस्त को मतदान, एक सितंबर को मतगणना
संघ के कार्यकारिणी चुनाव के लिए मतदान 31 अगस्त को पूर्वाह्न 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. मतगणना एक सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से परिणाम आने तक की जाएगी. चुनाव परिणाम दो सितंबर को बिहार राज्य बार कौंसिल, पटना को भेजा जाएगा.
अध्यक्ष पद के नामांकन पर टिकी नजर
अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन नामांकन नहीं होने से अब सभी की नजरें अगले दो दिनों की नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हैं. विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के साथ ही अधिवक्ताओं के बीच चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
