Siwan Crime News : दरौली प्रखंड के टंडवा चट्टी बाजार स्थित नीरज ज्वेलर्स के संचालक दिलीप वर्मा की लूट के प्रयास के दौरान गोली और चाकू से हमला कर हत्या किए जाने के विरोध में बुधवार को भगवानपुर हाट स्वर्णकार संघ ने प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रखंड स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष कमल प्रसाद सोनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर घटना की कड़ी निंदा की गई.
स्वर्ण व्यवसायियों में बढ़ रहा भय बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कमल प्रसाद सोनी ने कहा कि जिले में लगातार स्वर्ण व्यवसायी अपराधियों के निशाने पर हैं. इसके बावजूद उनकी सुरक्षा के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है. उन्होंने कहा कि दिलीप वर्मा की हत्या की घटना ने पूरे जिले के स्वर्ण व्यवसायियों को झकझोर दिया है.
न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी कमल प्रसाद सोनी ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और हत्याकांड में शामिल अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो स्वर्णकार समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा. संघ ने सरकार और प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की.
परिजनों की सुरक्षा और नौकरी की मांग स्वर्णकार संघ ने सरकार से दिवंगत दिलीप वर्मा के परिजनों को सुरक्षा उपलब्ध कराने, उनके आश्रितों को सरकारी नौकरी देने तथा बच्चों की शिक्षा की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की.
सरकार पर अपराध रोकने में विफलता का आरोप आभूषण दुकानदार परशुराम सोनी ने कहा कि सरकार अपराधियों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण स्वर्ण व्यवसायियों में भय का माहौल बना हुआ है.
प्रदर्शन और बैठक में वीरेंद्र सोनी, परमेश्वर सोनी, धनंजय सोनी, संजय सोनी, बबलू सोनी सहित बड़ी संख्या में स्वर्णकार मौजूद रहे.
