सीवान: श्रावण मास के प्रथम दिन गुरुवार को हसनपुरा नगर पंचायत सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही. भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की कामना की. मंदिर परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय बना रहा.
अरंडा, सहुली, उसरी, रजनपुरा, तेलकथू, गायघाट, लहेजी, चांद परसा, फलपुरा, हरपुर कोटवा, पकड़ी, मंद्रापाली और पियाउर समेत विभिन्न गांवों के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूरे दिन पूजा-अर्चना की. सुबह से ही महिलाएं, युवतियां, बच्चे और बुजुर्ग मंदिरों में पहुंचते रहे.
बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल चढ़ाकर की पूजा
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, अक्षत और गंगाजल अर्पित किया. कई श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
कई शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक, शिव चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया. इससे पूरे दिन मंदिर परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गयी व्यवस्था
मंदिर समितियों और स्थानीय युवाओं की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गयी. भीड़ को देखते हुए कई मंदिरों में स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
पहली सोमवारी को लेकर तैयारी शुरू
सावन की पहली सोमवारी को लेकर भी विभिन्न शिव मंदिरों में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. मंदिर समितियों की ओर से साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पहली सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
