Ramshwar Ram Death: दरौंदा थाना क्षेत्र के पूर्वी हड़सर गांव निवासी रामेश्वर राम की नहर में डूबने से रविवार को मौत हो गयी. रामेश्वर राम शनिवार की शाम से लापता थे. रविवार दोपहर ग्रामीणों को नहर के पानी में उनका शव उपलाता हुआ दिखाई दिया. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
शनिवार शाम से लापता थे रामेश्वर राम
जानकारी के अनुसार, रामेश्वर राम शनिवार की शाम से ही घर से लापता थे. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला. रविवार दोपहर कुछ ग्रामीण नहर की ओर गये थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में उपलाते शव पर पड़ी.
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
शव मिलने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना दरौंदा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर के पानी से बाहर निकलवाया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की बात कही जा रही है.
परिवार में मचा कोहराम
बताया जाता है कि रामेश्वर राम के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं. इनमें एक पुत्र की शादी हो चुकी है, जबकि चार बच्चों की शादी अभी नहीं हुई है. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रामेश्वर राम की मौत की खबर मिलते ही पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गयी.
Also Read : Bihar Politics: SC/ST आरक्षण पर सहयोगियों में तकरार, संतोष सुमन ने मांगी समीक्षा, चिराग ने ठुकराया सब-कोटा
