Siwan News : सीवान दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी स्थित ज्वेलरी दुकान में लूट के दौरान फायरिंग और स्वर्ण व्यवसायी की मौत के मामले में भाकपा माले ने व्यवसायियों के प्रतिरोध का समर्थन किया है. पार्टी के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना में शामिल शेष आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
लूट के विरोध पर अपराधियों ने की फायरिंग
इंद्रजीत चौरसिया ने कहा कि ज्वेलरी दुकान में घुसकर अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया. व्यवसायियों ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने आतंक पैदा करने की नीयत से फायरिंग कर दी. गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
व्यवसायियों के साहसिक प्रतिरोध का किया स्वागत
जिला सचिव ने कहा कि फायरिंग के बावजूद व्यवसायियों ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का प्रतिरोध किया और दो आरोपितों को पकड़ लिया. उन्होंने व्यवसायियों के इस साहसिक प्रतिरोध का स्वागत किया.
आम लोगों से संगठित होकर प्रतिरोध की अपील
भाकपा माले नेता ने कहा कि जहां कहीं भी अपराध की घटनाएं हो रही हैं, वहां आम लोगों को इसी तरह संगठित होकर अपराध के खिलाफ प्रतिरोध तेज करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और सम्राट सरकार का सिस्टम पूरी तरह विफल हो चुका है. उनके अनुसार, इसी वजह से आम लोग व्यवस्था के खिलाफ सड़क पर उतर रहे हैं.
मृत स्वर्ण व्यवसायी के परिजनों को 50 लाख मुआवजे की मांग
इंद्रजीत चौरसिया ने जिला प्रशासन और पुलिस से मृत स्वर्ण व्यवसायी के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की. साथ ही घटना में शामिल शेष आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठायी.
