Siwan Constable Murder Case : सिपाही मधुप कुमार हत्याकांड में मुफस्सिल थाना पुलिस को एक और सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में संलिप्त अप्राथमिकी अभियुक्त जीवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी आंदर थाना क्षेत्र के शलाहपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस अब फरार आरोपियों के साथ-साथ शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
शराब तस्करी के वाहनों का पीछा कर रही थी पुलिस
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि 13 दिसंबर 2025 की रात सराय थाना पुलिस शराब के खिलाफ छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान उत्तर प्रदेश से शराब लेकर सीवान आ रहे तीन वाहनों का पुलिस टीम ने पीछा किया.
शराब लदे वाहनों का पीछा करते हुए पुलिस टीम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर पहुंची. यहां तीनमुहानी होने के कारण वाहन किस दिशा में निकल गये, यह स्पष्ट नहीं हो सका. इसके बाद पुलिस टीम वाहन को वापस घुमा रही थी.
घने कोहरे में जवान को वाहन ने रौंदा
वाहन को वापस घुमाने के दौरान अत्यधिक कोहरा था. इसी दौरान बीएसएपी-2 डेहरी के जवान मधुप कुमार पुलिस वाहन को घुमाने में मदद कर रहे थे. तभी एक वाहन के चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गये.
पुलिस के अनुसार, पीछे से आ रहे दो अन्य वाहनों ने भी घायल जवान को रौंद दिया और मौके से फरार हो गये. गंभीर हालत में मधुप कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
एसआईटी ने तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंच बनाई
घटना के बाद मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी. कांड के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गयी थी.
तकनीकी अनुसंधान और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने बरहन गांव निवासी राज कुमार बैठा, सचिन और मैरवा थाना क्षेत्र के इमनौली निवासी पुनीत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसके बाद आगे की जांच में अप्राथमिकी अभियुक्त जीवन कुमार की संलिप्तता सामने आयी. पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
जीवन पर पहले से सात मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, जीवन कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में सात मामले दर्ज हैं. इनमें वर्ष 2014 के दो चोरी के मामले और वर्ष 2023 से 2026 के बीच शराबबंदी कानून के तहत पांच मामले शामिल हैं.
इनमें आंदर थाना कांड संख्या 170/14 और 220/23, एमएच नगर थाना कांड संख्या 177/14 तथा उत्पाद सदर थाना के कांड संख्या 582/24, 09/25 और 325/25 शामिल हैं. इसके अलावा आंदर थाना में 23 अगस्त को उसके खिलाफ कांड संख्या 114/26 भी दर्ज की गयी थी.
तीनों वाहनों का अब तक नहीं मिला सुराग
जवान मधुप कुमार को रौंदने वाले वाहन समेत शराब तस्करी में इस्तेमाल तीनों वाहनों को पुलिस अब तक बरामद नहीं कर सकी है. जांच में सामने आया कि तीनों वाहन उत्तर प्रदेश से शराब लेकर सीवान आ रहे थे और सराय थाना पुलिस उनका पीछा कर रही थी.
छोटपुर में तीनमुहानी के पास घने कोहरे के कारण वाहन किस दिशा में निकल गये, इसका पता नहीं चल सका. पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिये घटना में इस्तेमाल वाहनों और उनके चालकों की पहचान करने में जुटी है.
