सीवान में शहजाद शाह हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

शिवराजपुर में शहजाद शाह की हत्या के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज हो गया है. कांग्रेस ने पुलिस कप्तान से मुलाकात कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.

Siwan News : बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर में शहजाद शाह की पीट-पीटकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज कर दिया है. सोमवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने करीब 500 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के साथ पुलिस कप्तान भरत सोनी से मुलाकात की और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की.

आवेदन पर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रतनलाल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार पासी और पूर्व विधायक डॉ. शकील अहमद खान समेत करीब 500 लोगों के हस्ताक्षर हैं.

मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को बताया कि घटना के बाद पुलिस ने कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं होने से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. नेताओं ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की.

एसपी ने थानाध्यक्ष को कार्रवाई तेज करने का दिया निर्देश

प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने बताया कि एसपी भरत सोनी ने प्रतिनिधिमंडल की पूरी बात गंभीरता से सुनी. इसके बाद उन्होंने तत्काल बड़हरिया थानाध्यक्ष से फोन पर बात कर मामले में कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया.

उन्होंने बताया कि एसपी ने सात दिनों के अंदर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मामले को स्पीडी ट्रायल में ले जाने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है.

सात दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

बड़हरिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शहाबुद्दीन अंसारी ने पुलिस से मामले में कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की. जिला अध्यक्ष जवाहर भाई, जिला उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार, शमीम अहमद खान, आईबीसी अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा और माइनॉरिटी विभाग अध्यक्ष सिराज आलम ने कहा कि कांग्रेस इस मामले पर लगातार नजर रखेगी.

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि सात दिनों के भीतर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी बड़े स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी. प्रतिनिधिमंडल में अनूप यादव सहित अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >