सीवान में कांग्रेस ने निकाला आक्रोश मार्च, राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के अपमान के खिलाफ की नारेबाजी

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में सीवान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला. मार्च के दौरान भाजपा और आरएसएस पर छुआछूत व भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया.

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सीवान में आक्रोश मार्च निकाला. मार्च जेपी चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दलितों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, भारत का संविधान जिंदाबाद, छुआछूत और भेदभाव की राजनीति करने वाली भाजपा शर्म करो तथा देश को विखंडित करने वाली राजनीति मुर्दाबाद जैसे नारे लगाये.

अंबेडकर चौक पर आयोजित सभा की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने की. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद भाजपा के अनुषंगी संगठन श्रीराम सेना की ओर से कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया गया. उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण के पीछे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी को कारण बताया जाना दलित समाज के प्रति अपमानजनक मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर छुआछूत एवं भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप लगाया.

किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा, लेकिन नफरत की विचारधारा वाली ताकतें समाज में गैरबराबरी को बढ़ावा दे रही हैं. कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि जिन लोगों ने सदियों तक समाज के एक वर्ग को बराबरी का अधिकार नहीं दिया, वे आज भी उसी विचारधारा पर कायम हैं.

मौके पर जिला उपाध्यक्ष शशि कुमार, कुतुबद्दीन खान, राधेश्याम शर्मा, अमित कुशवाहा, आशुतोष कुमार, ओम शर्मा, विकास तिवारी, अलाउद्दीन अहमद, सोहेल अहमद, संजय सिंह, छोटन कुमार, मनुल मिश्रा, श्री बाबू प्रियदर्शी समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >