सीवान: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हुए कथित हमले के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला. जिला परिषद परिसर से शुरू हुआ मार्च कचहरी रोड होते हुए जेपी चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया.
हमले की निंदा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने सांसद पप्पू यादव पर हुए कथित हमले की निंदा करते हुए इसे कायराना घटना बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर भाजपा से जुड़ा हुआ था और कहा कि दिल्ली जैसे उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में किसी सांसद पर हमला होना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने नैतिक आधार पर केंद्रीय गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की.
कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष जांच की उठी मांग
जिला उपाध्यक्ष शशि कुमार ने कहा कि बिहार और दिल्ली में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. जिला पार्षद अरविंद यादव ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करती है, इसलिए इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए.
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, विकास तिवारी, आशुतोष कुमार, अमित कुशवाहा, आशीष कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, वैद्यनाथ महतो, कुंदन कुमार, संजय रानीपुरी, संजय गुप्ता, मनीष कुमार, पवन कुमार यादव, अल्ताफ राजा, विनोद सम्राट, अभिमन्यु कुमार, अरविंद कुमार, मनु सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
