Siwan Shooting Incident : सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई गोलीबारी और पुलिस कार्रवाई के मामले की जांच के लिए कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम रविवार को गांधी मैदान पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई. कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई.
गांधी मैदान पहुंची कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम
रविवार को कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम सीवान के गांधी मैदान पहुंची. टीम में राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, सांसद मनोज राम, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, विधायक विक्रांत भूरिया, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मीमांसा आर्या सहित कई नेता शामिल थे. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की.
इमरान प्रतापगढ़ी ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल
निरीक्षण के बाद राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति पहले से ली गई थी और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हो रहा था. ऐसे समय में लाठीचार्ज की आवश्यकता क्यों पड़ी, यह एक गंभीर सवाल है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान के दौरान बल प्रयोग का कोई औचित्य नहीं था.
शांतिपूर्ण आंदोलन दबाने का लगाया आरोप
इमरान प्रतापगढ़ी ने आरोप लगाया कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो.
राहुल गांधी को सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट
कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों को रिपोर्ट के रूप में तैयार किया जाएगा. यह रिपोर्ट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सौंपी जाएगी, ताकि इस मुद्दे को संसद सहित अन्य उचित मंचों पर उठाया जा सके.
कांग्रेस ने दोहराई निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस ने एक बार फिर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पार्टी का कहना है कि जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी.
Also Read : विश्व अंगदान दिवस पर सीवान में ब्लाइंड वॉक, आंखों पर काली पट्टी बांधकर निकले लोग, अंगदान का दिया संदेश
