सीवान नगर परिषद बोर्ड की बैठक 19 सितंबर को, शहर के विकास और सफाई पर होगी चर्चा

सीवान नगर परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक 19 सितंबर को होने वाली है. इस बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और जल निकासी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

सीवान. नगर परिषद सीवान के बोर्ड की सामान्य बैठक 19 सितंबर की दोपहर 12.30 बजे नगर परिषद के सभाकक्ष में होगी. नगर सभापति सेम्पी देवी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में शहर के विकास और सफाई व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जायेगी. बैठक को लेकर नगर कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने सांसद, विधायकों, विधान पार्षदों, नगर उपसभापति और सभी वार्ड पार्षदों को बुलावा भेजा है.

पिछली बैठकों के निर्णयों की होगी पुष्टि

बैठक में सबसे पहले 6 मई, 25 जून, 19 अगस्त, 27 अगस्त और 18 सितंबर को हुई नगर परिषद बोर्ड तथा सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में लिये गये निर्णयों की पुष्टि पर चर्चा होगी. इसके बाद प्रत्येक वार्ड में दो-दो योजनाओं को शुरू करने और उनके लिए निविदा निकालने के प्रस्ताव पर विचार किया जायेगा. शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और सेवा संकल्प अभियान से जुड़ी योजनाओं पर भी बैठक में चर्चा होगी.

वर्ष 2027 तक कचरा प्रबंधन की कार्ययोजना पर विचार

कचरा प्रबंधन को लेकर वर्ष 2027 तक की कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार किया जायेगा. नगर परिषद क्षेत्र में सफाई और कचरा प्रबंधन को लेकर आने वाले समय में किये जाने वाले कार्यों को इसी योजना से जोड़ने की तैयारी है.

नालों के नेटवर्क को बेहतर बनाने पर जोर

बैठक में शहर के नालों को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा गया है. ऊंचे-नीचे इलाकों और पहले से बने नालों के बीच छूटे हिस्सों को जोड़ने के साथ जरूरत वाले स्थानों पर नये नालों के निर्माण पर चर्चा होगी. इससे जल निकासी की समस्या वाले क्षेत्रों में नालों का नेटवर्क बेहतर करने की योजना है.

वाहनों के रख-रखाव के लिए जमीन लीज पर लेने पर चर्चा

नगर परिषद के वाहनों के रख-रखाव के लिए जमीन लीज पर लेने के संबंध में भी चर्चा होगी. इसके लिए इच्छुक लोगों से प्रस्ताव लेने की प्रक्रिया पर विचार किया जायेगा.

इसके अलावा नगर क्षेत्र में पहले से मौजूद सुविधाओं और संपत्तियों को बेहतर बनाने तथा उनकी स्थिति मजबूत करने पर भी चर्चा होगी. बैठक के एजेंडे में शहर में नयी आधारभूत सुविधाएं और संपत्तियां तैयार करने का प्रस्ताव भी शामिल है.

आवारा पशुओं से संबंधित सेवाओं पर भी होगी चर्चा

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में आवारा पशुओं से संबंधित सेवाएं लेने और इसके लिए स्थल चयन पर भी चर्चा की जायेगी. नगर परिषद की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षदों से बैठक में समय पर शामिल होने का अनुरोध किया गया है. बैठक में लिये जाने वाले निर्णयों से शहर के विकास, सफाई, जल निकासी और नगर परिषद की सुविधाओं पर असर पड़ने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >