सीवान: स्कॉर्पियो की चपेट में आए सात वर्षीय आदित्य की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम

कैदखुर्द गांव में सड़क हादसे का शिकार हुआ सात वर्षीय आदित्य कुमार, बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर होने के बाद शनिवार को मौत हो गई. रविवार रात शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

Siwan News : बड़हरिया थाना क्षेत्र के कैदखुर्द गांव में सड़क हादसे में मृत सात वर्षीय आदित्य कुमार का शव रविवार की देर रात घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव में मातम पसर गया. बेटे का शव देखते ही मां कुसुम देवी बेहोश हो गयीं. वहीं, अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा. मासूम की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.

मां के साथ टहलने निकला था आदित्य

बताया जाता है कि कैदखुर्द निवासी नागेंद्र गिरि का सात वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार शुक्रवार की रात अपनी मां के साथ टहलने निकला था. इसी दौरान बड़हरिया-मीरगंज मुख्य मार्ग पर ज्ञानी मोड़ बाजार के पूरब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया. हादसे में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया.

बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच किया गया था रेफर

हादसे के बाद परिजन आदित्य को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान शनिवार को आदित्य की मौत हो गयी.

पोस्टमार्टम के बाद देर रात गांव पहुंचा शव

परिजनों के अनुसार, शनिवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका. रविवार की शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात आदित्य का शव कैदखुर्द गांव लाया गया. शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां कुसुम देवी अपने बेटे का शव देखते ही बेहोश हो गयीं.

मासूम की मौत से गांव में शोक

परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये. सात वर्षीय आदित्य की मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया. मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >