Krishna Rukmini Vivah: बड़हरिया प्रखंड के सानी कुड़वां स्थित रामजानकी-शिव मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ के तहत चल रही कथा में श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे. अयोध्या से पधारे कथावाचक बृजमोहन जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी के विवाह की कथा का विस्तार से वर्णन किया.
कथा के दौरान श्रीकृष्ण और रुक्मणी का वेश धारण किए कलाकारों ने मनमोहक अभिनय प्रस्तुत किया. इससे श्रद्धालु आनंदित हो उठे और पुष्पवर्षा कर बाल कलाकारों का स्वागत किया. वहीं महिला श्रद्धालुओं ने विवाह के मंगल गीत गाकर कथा स्थल का वातावरण भक्तिमय बना दिया.
रुक्मणी ने श्रीकृष्ण को मन ही मन पति माना
कथावाचक बृजमोहन जी महाराज ने कहा कि रुक्मणी विदर्भ देश के राजा भीष्म की पुत्री और माता लक्ष्मी का अवतार थीं. देवर्षि नारद के मुख से भगवान श्रीकृष्ण के रूप, सौंदर्य और गुणों का वर्णन सुनकर रुक्मणी ने मन ही मन उन्हें अपना पति स्वीकार कर लिया था.
उन्होंने बताया कि रुक्मणी का भाई रुक्मी भगवान श्रीकृष्ण से शत्रुता रखता था और उसका विवाह शिशुपाल से कराना चाहता था. जब रुक्मणी को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने एक ब्राह्मण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के पास संदेश भेजा.
श्रीकृष्ण रुक्मणी को लेकर पहुंचे द्वारिका
कथावाचक ने बताया कि रुक्मणी का संदेश मिलने के बाद भगवान श्रीकृष्ण विदर्भ पहुंचे और उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें अपने साथ ले गये. मार्ग में रुक्मी ने श्रीकृष्ण को रोककर युद्ध किया, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने उसे पराजित कर दिया.
इसके बाद द्वारिका में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी का विवाह संपन्न हुआ. कथा में विवाह प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भक्ति में डूब गये और कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजने लगे.
मंगल गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह प्रसंग के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाये. बाल कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया. पूरे कथा परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाये. कार्यक्रम में यज्ञाचार्य पं अवधेश मिश्र, पं आलोक मिश्र, संयोजक पं देवानंद तिवारी, अध्यक्ष चंद्रिका साह, विवेक मिश्र, सुनील तिवारी, रामप्रवेश भारती, विनोद तिवारी, किशन कुमार और चंदन भारती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
