Madhya Nishedh Sipahi Bharti Exam Siwan : (मनीष गिरी) केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही के पदों पर नियुक्ति के लिए प्रतियोगिता परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई. सीवान जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया.
जिलाधिकारी और एसपी ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने संयुक्त रूप से केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. अधिकारियों को समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने तथा परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.
अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की गई. प्रशासन ने केंद्रीय चयन पर्षद के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे.
हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा गश्ती दल और उड़नदस्ता दल में भी अधिकारियों को तैनात किया गया है, जो लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं.
बायोमेट्रिक उपस्थिति और वीडियोग्राफी की व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है. साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के जरिए परीक्षा गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह के कदाचार को रोका जा सके.
Siwan News : जैमर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लैस हुए केंद्र
सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई है. प्रशासन का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से होने वाली किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकना और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखना है.
निगरानी के लिए बनाया गया जिला नियंत्रण कक्ष
परीक्षा की सतत निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है. जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, निष्पक्ष और बेहतर परीक्षा माहौल मिल सके.
सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है.
